Pfizer Covid Vaccine को स्विटजरलैण्ड में मंजूरी, UK में क्लीयरेंस के लिए Astrazeneca तैयार
ज्यूरिख। Covid Vaccine In Europe: अमेरिका की दिग्गज दवा निर्माता कंपनी फाइजर (Pfizer) और जर्मनी की बायोएनटेक (BioNTech) द्वारा मिलकर बनाई गई Covid-19 वैक्सीन को स्विटजरलैण्ड ने भी मंजूरी दे दी है। फाइजर की वैक्सीन का अमेरिका और ब्रिटेन में टीकाकरण शुरू किया जा चुका है।

स्विस मेडिक नियामक ने बताया कि "उपलब्ध जानकारियों की सावधानीपूर्वक समीक्षा के बाद, स्विसमेडिक ने निष्कर्ष निकाला कि फाइजर / बायोएनटेक द्वारा निर्मित कोविड-19 वैक्सीन सुरक्षित है और इसका उपयोग जोखिमों को कम करता है।"
स्विटजरलैण्ड में कोरोना वायरस के खिलाफ ये पहली वैक्सीन है जिसकी अनुमति दी गई है। स्विसमेडिक के निदेशक रायमंड ब्रूहिन ने कहा "वैक्सीन की मंजूरी देने के संबंध में मरीजों की सुरक्षा एक आवश्यक शर्त है।" स्विटजरलैण्ड की सरकार ने देश की 86 लाख आबादी के लिए तीन दवा कंपनियों से 1.58 करोड़ कोविड-19 की डोज हासिल करने के लिए अनुबंध किए हैं।
एस्ट्राजेंका की वैक्सीन को मंजूरी जल्द
वहीं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेंका (AstraZeneca) के सहयोग से बन रही वैक्सीन को लेकर भी अच्छी खबर आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक एस्ट्राजेंका की वैक्सीन को इस साल के अंत तक यूनाइटेड किंगडम में नियामक की मंजूरी मिल सकती है। अनुमति मिलने के बाद 2021 की शुरुआत में वैक्सीन लोगों के लिए उपलब्ध होने की संभावना है।
मानव परीक्षणों में सुरक्षित और प्रभावी पाए जाने के बाद पिछले महीने ही यूके की मेडिसिन एंड हेल्थकेयर रेगुलेटरी एजेंसी (MHRA) को वैक्सीन की अनुमति देने के लिए काम सौंपा गया था। दे डेली टेलीग्राफ की खबर के मुताबिक अधिकारियों ने संकेत दिया है कि अंतिम डाटा मिलने के बाद 28 या 29 दिसम्बर को इसे पास किया जा सकता है।
सीरम इंस्टीट्यूट बना रहा वैक्सीन
MHRA द्वारा अधिकारी दूसरे देशों को भी वैक्सीन के बारे में विश्वास दिलाएंगे। बता दें कि भारत में पहले ही एस्ट्राजेंका की 5 करोड़ डोज तैयार की जा चुकी है। एस्ट्राजेंका के साथ एक करार के तहत भारत की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (Serum Institute of India) ये वैक्सीन बना रही है।












Click it and Unblock the Notifications