Paris Olympics 2024: ओलंपिक सेरेमनी शुरू होने से पहले पेरिस में बवाल, हाईस्पीड रेल नेटवर्क पर हमला, आगजनी
Paris Olympics 2024: ओलंपिक सेरेमनी शुरू होने से पहले फ्रांस की राजधानी पेरिस में बवाल मच गया है और हाई-स्पीड टीजीवी रेल नेटवर्क को उपद्रवियों ने हमले में भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसकी वजह से शुक्रवार को पेरिस ओलंपिक उद्घाटन समारोह से पहले देश की कुछ सबसे व्यस्त रेल लाइनों में बड़ी बाधा उत्पन्न हो गई है।
रेल नेटवर्क ऑपरेटर ने कहा है, कि आगजनी करने वालों ने उच्च जोखिम वाले उद्घाटन के दिन राजधानी पेरिस को महत्वपूर्ण शहरों से जोड़ने वाली रेल लाइनों के साथ प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है।

टीजीवी नेटवर्क ने सभी यात्रियों से मरम्मत कार्य के दौरान अपनी यात्रा स्थगित करने का आग्रह किया है। ओलंपिक गेम्स और वीकेंड होने की वजह से यातायात बुरी तरह से बाधित रहने की उम्मीद है और ट्रेनों को उनके प्रस्थान बिंदुओं पर वापस भेजा जा रहा है। रेल ऑपरेटर SNCF ने इन घटनाओं के लिए कई "दुर्भावनापूर्ण कृत्यों" को जिम्मेदार ठहराया, जिसने उच्च जोखिम वाले ओलंपिक उद्घाटन समारोह के दिन यातायात को बुरी तरह से बाधित किया।
आपको बता दें, कि TGV फ्रांस की इंटरसिटी हाई-स्पीड रेल सेवा है, जिसका संचालन मुख्य रूप से SNCF द्वारा किया जाता है। SNCF ने एक बयान में कहा, "कल रात अटलांटिक, उत्तरी और पूर्वी हाई-स्पीड लाइनों पर SNCF को कई बर्बरतापूर्ण घटनाओं का शिकार होना पड़ा। हमारे प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर आग लगाई गई।" आपको बता दें, कि ये घटनाएं शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुईं, क्योंकि आज ओलंपिक शुरू हो रहे हैं।
सरकारी अधिकारियों ने हमलों की निंदा की
उच्च जोखिम वाले दिन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे देश में 45,000 से ज्यादा पुलिस जवान, 10,000 सैनिक और 2,000 निजी सुरक्षा एजेंट तैनात किए गए हैं। छतों पर स्नाइपर्स और हवा से ड्रोन निगरानी कर रहे हैं।
इन हमलों के पीछे जिम्मेदारी का तत्काल कोई दावा नहीं किया गया हैं और इस बात का कोई संकेत नहीं है कि ये हमले राजनीतिक रूप से संबंधित हैं या नहीं।
इस बीच, सरकारी अधिकारियों ने इस ओलंपिक सेरेमनी शुरू होने से पहले इन घटनाओं की निंदा की क्योंकि इससे इंग्लिश चैनल के तहत पड़ोसी देशों के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गईं हैं। फ्रांस के परिवहन मंत्री पैट्रिस वेरग्रीट ने इन कृत्यों को आपराधिक बताया और पेरिस के पुलिस प्रमुख ने कहा, कि वह राजधानी के मुख्य स्टेशनों पर सुरक्षा को और बढ़ा रहे हैं।
फ्रांस की खेल मंत्री एमिली ओडेया-कास्टेरा ने कहा, कि "यह पूरी तरह से भयावह है। खेलों को निशाना बनाना फ्रांस को निशाना बनाना है।"
पेरिस ओलंपिग-2024 ने कहा है, कि वह स्थिति का आकलन करने के लिए एसएनसीएफ के साथ मिलकर काम कर रहा है। स्विस रेल ऑपरेटर एसबीबी ने कहा कि पेरिस में रेल व्यवधानों से स्विट्जरलैंड से फ्रांस तक यातायात फिलहाल प्रभावित नहीं हुआ है। हालांकि, लंदन स्थित रेल कंपनी यूरोस्टार ने कहा, कि फ्रांस में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं के कारण लंदन और पेरिस के बीच उसकी सेवाएं बाधित हुई हैं।
पेरिस ओलंपिक 2024
फ्रांस की राजधानी पेरिस शुक्रवार को उद्घाटन समारोह से पहले ओलंपिक के लिए अपनी अंतिम तैयारियां कर रही है, जबकि तीरंदाजी, हैंडबॉल, रग्बी सेवन्स और फुटबॉल टीमों के साथ शुरुआती खेल गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इतिहास में पहली बार, यह समारोह किसी स्टेडियम के अंदर आयोजित नहीं किया जाएगा और राष्ट्रों की पारंपरिक परेड पेरिस में सीन नदी के किनारे होगी।
10000 से ज्यादा ओलंपिक एथलीट लगभग 100 नावों पर यात्रा करेंगे, जो सीन नदी के जरिए से पेरिस के प्रतिष्ठित स्थलों जैसे नोट्रे डेम, पोंट डेस आर्ट्स, पोंट नेफ और अन्य से गुजरेंगी। फ्लोटिंग परेड जार्डिन डेस प्लांट्स के बगल में ऑस्टरलिट्ज़ पुल से शुरू होगी और ट्रोकाडेरो पर खत्म होगी, जहां शो होंगे। कुल मिलाकर, उद्घाटन समारोह तीन घंटे से ज्यादा समय तक चलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications