पापुआ न्यू गिनी में भूकंप के शक्तिशाली झटके, 7.0 की तीव्रता से हिली धरती, फिलहाल सुनामी की चेतावनी नहीं
तुर्की में फरवरी महीने में भीषण भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 7.8 थी। भूकंप की वजह से करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

Papua New Guinea Earthquake: फरवरी महीने में तुर्की और सीरिया में आए भूकंप के बाद लगातार दुनिया के अलग अलग हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। तुर्की में आए भूकंप के बाद अभी तक इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत में भी भूपंक आ चुके हैं, वहीं अब पापुआ न्यू गिनी में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गये हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, सोमवार सुबह होने से पहले उत्तर-पश्चिमी पापुआ न्यू गिनी में 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है।
पापुआ न्यू गिनी में भूकंप के झटके
यूएसजीएस ने बताया है, कि भूकंप तटीय शहर वेवाक से 97 किलोमीटर की दूरी पर 62 किलोमीटर की गहराई में ये भूकंप आया है और स्थानीय समयानुसार सुबह 4:00 बजे के बाद ये भूकंप आया है। हालांकि, फिलहाल सुनामी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यूएसजीएस ने कहा, कि भूकंप क्षेत्र में नरम जमीन के ढीले होने से क्षेत्र में समुदायों को नुकसान होने की संभावना है, हालांकि यह क्षेत्र बहुत कम आबादी वाला है। सीस्मोलॉजी एजेंसी ने कहा, कि इस तरह के नरम जमीन वाले इलाके, जिसे द्रवीकरण के रूप में जाना जाता है, जमीन के पर्याप्त धंसने और क्षैतिज फिसलने का कारण बन सकता है और इसके परिणामस्वरूप बड़ी क्षति हो सकती है। भूकंप ने न्यू गिनी द्वीप पर इंडोनेशिया के साथ सीमा से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व में एक क्षेत्र को हिला दिया। आपको बता दें, कि पूर्वी पापुआ न्यू गिनी में एक द्वीपसमूह का हिस्सा, न्यू ब्रिटेन क्षेत्र, फरवरी के अंत में 6.2 तीव्रता के भूकंप से प्रभावित हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications