बांग्लादेश को परमाणु ताकत बनाएगा पाकिस्तान? कैसे उत्तर कोरिया को दिया था फॉर्मूला, क्या है खतरनाक डॉक्ट्रिन?
Bangladesh Nuclear Dream: बांग्लादेश में भारत विरोधी भावनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद अब कुछ समूह, पाकिस्तान के साथ मजबूत संबंधों की वकालत कर रहे हैं। ऐसे तत्व, बांग्लादेश को परमाणु मुल्क बनाने तक की मांग कर रहे हैं।
ढाका विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शाहिदुज़्ज़मान ने भारत का मुकाबला करने के लिए पाकिस्तान के साथ परमाणु संधि करने का सुझाव दिया है, और उनका आरोप है, कि भारत, बांग्लादेश के कुछ हिस्सों पर कब्जा करना चाहता है। उनका मानना है, कि लंबे समय से सुरक्षा सहयोगी रहे पाकिस्तान के साथ गठबंधन करना ज़रूरी है।

प्रोफेसर शाहिदुज्जमां ने पाकिस्तान से परमाणु मिसाइलें खरीदने और उन्हें भारतीय सीमा पर एक डेटरेंट के रूप में तैनात करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों की तरफ से आयोजित एक सेमिनार के दौरान उपस्थित सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए ये विनाशक विचार साझा किए हैं।
इ्स्लामिक चरमपंथ में फंसा बांग्लादेश
इसके विपरीत, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने भारत और अन्य पड़ोसी देशों के साथ निष्पक्षता और समानता के आधार पर सौहार्दपूर्ण संबंधों की इच्छा जताई है। उन्होंने पदभार ग्रहण करने पर भारत और पाकिस्तान दोनों के नेताओं से बधाई कॉल प्राप्त होने का जिक्र किया।
लेकिन, शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद इस्लामवादी ताकतों ने बांग्लादेश में महत्वपूर्ण प्रभाव हासिल कर लिया है, जो पाकिस्तान के साथ घनिष्ठ संबंधों पर जोर दे रहे हैं। यह बदलाव 1971 में अलग होने के बाद से बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी के बावजूद हुआ है।
ये घटनाक्रम बांग्लादेश के भीतर उसकी विदेश नीति की दिशा को लेकर बढ़ते मतभेद को उजागर करते हैं। जहां कुछ लोग भारत के खिलाफ रणनीतिक कदम के तौर पर पाकिस्तान के साथ मजबूत संबंधों की वकालत करते हैं, वहीं अन्य सभी पड़ोसी देशों के साथ संतुलित संबंध चाहते हैं। इन बहसों के जारी रहने के साथ ही बांग्लादेश की विदेश नीति का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।
लेकिन पाकिस्तान के साथ घनिष्ठ संबंधों की वकालत करने वाली इस्लामी ताकतों का प्रभाव आने वाले वर्षों में देश के रणनीतिक निर्णयों को प्रभावित कर सकता है। क्योंकि पाकिस्तान का परमाणु डॉक्ट्रिन किसी से छिपा नहीं है। पाकिस्तान ने ही उत्तर कोरिया को परमाणु ताकत बनने में मदद की थी, लिहाजा भारत को बांग्लादेश की ऐसी चाहत को लेकर सतर्क रहना होगा।
उत्तर कोरिया को पाकिस्तान ने बनाया परमाणु संपन्न देश
पाकिस्तान ने साल 1998 में परमाणु बम का परीक्षण किया था, लेकिन दिसंबर 1993 में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो ने प्योंगयांग का दौरा किया था, जो पाकिस्तान और उत्तर कोरिया के बीच सहयोग में एक महत्वपूर्ण पल था। भुट्टो कथित तौर पर उत्तर कोरियाई रोडोंग मिसाइल के लिए डिजाइन लेकर लौटीं थी। उन्होंने कहा, कि यह पूरी तरह से नकद लेनदेन था, यानि उत्तर कोरियाई मिसाइल तकनीक के लिए पाकिस्तानी पैसा।
उनकी यात्रा के बाद, दोनों देशों के बीच रक्षा संपर्क में तेजी से वृद्धि हुई। 1996 या 1997 तक, उत्तर कोरिया की चांगग्वांग सिनयोंग कॉर्प ने पाकिस्तान को मिसाइल के मुख्य घटक - या संभवतः एक पूरी मिसाइल - सौंप दी। बाद में इस मिसाइल का नाम बदलकर उत्तर भारत में मध्ययुगीन मुस्लिम विजेता के नाम पर गौरी रख दिया गया और 1998 में इसका सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
पाकिस्तान के परमाणु वैज्ञानिक एक्यू खान ने 1980 के दशक के आखिर में ईरान को सेंट्रीफ्यूज, ब्लूप्रिंट और अन्य घटक बेचकर अपने गुप्त अभियान की शुरुआत की। आखिरकार उसने इराक और सीरिया से भी संपर्क किया। और उसके ग्राहकों की संख्या बढ़कर लीबिया और उत्तर कोरिया तक पहुंच गई।
1990 के दशक के मध्य तक, पाकिस्तान को वित्तीय संकट का सामना करना पड़ा, क्योंकि उसका विदेशी मुद्रा भंडार कम हो गया था। तब यह बात सामने आई, कि खान ने उत्तर कोरिया को परमाणु बम बनाने का फॉर्मूला देने की पेशकश की थी। उन्होंने कथित तौर पर उत्तर कोरिया का 13 बार दौरा किया और एक वस्तु विनिमय सौदा प्रस्तावित किया: यूरेनियम-एन तकनीक के बदले बैलिस्टिक मिसाइलें देना इस सौदे में शामिल था।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने उत्तर कोरिया को परमाणु बम बनाने की टेक्नोलॉजी सौंपी और उसके बाद ही उत्तर कोरिया, परमाणु बम बनाने में कामयाब हुआ। लिहाजा, इस बात से बिल्कुल इनकार नहीं किया जा सकता, कि भारत को एक और खतरे में डालने के लिए पाकिस्तान ऐसा कोई कदम नहीं उठा सकता है, हालांकि ये आसान नहीं होगा, लेकिन इस बयान से इतना तो तय हो गया है, कि आने वाले वक्त में बांग्लादेश, भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications