फ्लाइट में अल्लाह ओ अकबर चिल्लाने वाले व्यक्ति को 10 हफ्तों की जेल
लंदन। ब्रिटेन जा रही एक फ्लाइट में पाकिस्तान के एक नागरिक ने 'अल्लाह-ओ-अकबर' का नारा लगाकर और 'बूम' 'बूम' चिल्लाकर यात्रियों को डराने की कोशिश की। अब इस पाकिस्तानी नागरिक को मंगलवार को 10 हफ्ते की जेल की सजा सुनाई गई है।

घटना इस वर्ष फरवरी में हुई थी जब दुबई से बर्मिंघम जा रही एमिरेट्स के बोइंग 777 फ्लाइट में सवार शहराज सरवर ने अपने व्यवहार से लोगों को डरा दिया था। कुछ लोग तो डर के मारे रोने भी लगे थे। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर एलेक्स वारेन ने बर्मिंघम क्राउन ने कोर्ट में कहा कि फ्लाइट में काफी अशांति थी और कुछ यात्री बहुत डर गए थे।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने जोर-जोर से बार-बार अल्लाह-ओ-अकबर का नारा लगाना शुरू कर दिया। लोग उससे बहुत परेशान हो गए। फ्लाइट जब लैंड हुई तब वह जोर से चिल्लाया 'बूम'। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और उसे
गिरफ्तार कर लिया गया।
जज ने कहा कि विमान में लोगों को डराने और कुछ को रूलाने जैसी इस तरह की घटना को वह गंभीरता से लेते हैं और उनके पास सरवर को दस हफ्तों के लिए जेल भेजने के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है।
वहीं सरवर के वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल ने जो कुछ कहा वह 'बेवकूफी' थी लेकिन वह पाकिस्तान में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट आ रहा था और बहुत दुखी था। लेकिन न्यायाधीश ने सरवर से कहा कि जेल की सजा पूरी करने के बाद उसे 12 महीने निगरानी में रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications