भारत के मोस्ट वांटेड हाफिज सईद के बेटे की हत्या की खबर, आतंकियों को धड़ाधड़ सेफ हाउस पहुंचा रहा ISI
Hafiz Saeed Son News: आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों की रहस्यमयी हत्याओं के बीच पाकिस्तान में तेजी से इस बात की चर्चा की जा रही है, कि हाफिज सईद के बेटे कमालुद्दीन सईद की हत्या कर दी गई है। वहीं, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के जेहादी हलकों में कमालुद्दीन सईद की सलामती के लिए दुआएं की जा रही हैं।
हालांकि, पाकिस्तानी सूत्रों ने कमालुद्दीन सईद को एसयूवी सवार नकाबपोश लोगों द्वारा ले जाने की चर्चा को "अफवाह" बताकर खारिज कर दिया है और सूत्र अनुमान लगा रहे हैं, कि कमालुद्दीन सईद को भी उसके पिता हाफिज सईद की तरह ही किसी सुरक्षित स्थान पर रखा गया होगा। लेकिन, कई ट्वीटर हैंडल से दावा किया गया है, कि कमालुद्दीन सईद की डेड बॉडी भी मिल चुकी है और उसकी मौत की खबर को दबाने की भरपूर कोशिश की जा रही है।

कुछ सोशल मीडिया हैंडल से दावा किया गया है, कि "आतंकी हाफिज सईद के अपहृत बेटे को अपहरणकर्ताओं ने मार डाला और उसका शव जब्बा घाटी इलाके में मिला है।" दावा किया गया है, कि "इब्राहिम हाफिज कमालुद्दीन सईद का 26 सितंबर को पेशावर से अज्ञात कार सवारों ने अपहरण कर लिया था और पाक सेना ने आज सुबह गुपचुप तरीके से कुछ करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।"
हालांकि, इस दावे में कितनी सच्चाई है, इसकी पुष्टि हम नहीं कर सकते हैं।
लेकिन, पिछले कुछ महीनों में जिस तरह से पाकिस्तान में एक के बाद एक एंटी-इंडिया तत्वों का सफाया किया गया है, उससे आतंकी घबराए हुए हैं और ISI उन्हें सुरक्षित ठिकाने मुहैया करवा रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिन पहले कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर में लश्कर-ए-तैयबा के संचालक और प्रमुख, मौलवी मौलाना जियाउर रहमान की गोली मारकर हत्या के बाद पाकिस्तान में एक दर्जन से ज्यादा आतंकवादियों और उनके समर्थकों को आईएसआई के सुरक्षित घरों में रखा गया है।
जब वह शाम को एक पार्क में टहल रहा था, उस वक्त अज्ञात लोगों ने उसे कई गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
टीओआई के मुताबिक, यहां पहुंच रही जानकारी से पता चलता है, कि कमालुद्दीन के भाई तल्हा, जो भारत के खिलाफ ऑपरेशनों की देखरेख करता है और जिसे लश्कर के सेकेंड-इन-कमांड के रूप में देखा जाता है, उसकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
वह 2019 में लाहौर में हुए एक हमले में बाल-बाल बच गया था, जिसके लिए लश्कर में अंदरूनी कलह को जिम्मेदार ठहराया गया था। एक खुफिया अधिकारी ने कहा, हाफिज सईद के बेटे को उसके पिता की वजह से संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई और लश्कर-ए-तैयबा के खजाने का भी प्रमुख भी उसे ही बनाया गया, जिससे संगठन के कई बड़े दिग्गज नाराज हो गये हैं।
माना जा रहा है, कि संगठन के संघर्ष को खत्म करने के लिए हाफिज सईद भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है। वहीं, आईएसआई नहीं चाहता है, कि लश्कर आपसी संघर्ष में फंसे, लिहाजा उसने प्लान-B तैयार किया हुआ है। टीओआई के मुताबिक, एक खुफिया सूत्र ने कहा, "उसके पास प्लान बी भी तैयार है - जम्मू-कश्मीर में द रेसिस्टेंस फ्रंट का गठन और सीमा पार से इसे मिलने वाले संरक्षण को किसी भी स्थिति के लिए, उसकी तैयारी के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।"
पाकिस्तान में इसी साल वांटेड आतंकवादी जियाउर रहमान और खालिस्तान कमांडो फोर्स के प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार की भी हत्या कर दी गई थी। परमजीत सिंह पंजवार की मई में लाहौर में मॉर्निंग वाक के वक्त अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सितंबर में यह तीसरी ऐसी हत्या थी, अन्य दो हत्याएं रावलकोट में अबू कासिम कश्मीरी और नाजिमाबाद में कारी खुर्रम शहजाद की हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications