इमरान खान की शादी को ठहराया जा सकता है नाजायज.. बुशरा बीबी के साथ निकाह पर कुछ देर में कोर्ट का फैसला
Imran Khan News: पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के "गैर-इस्लामिक निकाह" पर ट्रायल कोर्ट आज अदियाला जेल में अपना फैसला सुनाएगी। बहुत ज्यादा संभावना इस बात को लेकर है, कि इमरान खान और बुशरा बीबी के निकाह को नाजायज ठहराया जा सकता है।
इमरान खान और बुशरा बीबी के निकाह को लेकर शुक्रवार को अदियाला कोर्ट परिसर में 14 घंटे की लगातार सुनवाई की गई है और आज शाम से पहले सिविल कोर्ट के जज कुदरतुल्लाह अपना फैसला सुनाएंगे।

इमरान खान-बुशरा बीबी के निकाह पर फैसला आज
बुशरा बीबी के पूर्व पति खावर मनेका ने इमरान खान और बुशरा बीबी के निकाह को कोर्ट में चुनौती दी हुई है और दोनों की शादी को इस्लामिक निकाह मानने से इनकार कर दिया है। खावर मनेका ने उनकी शादी को गैर-इस्लामिक करार दिया है। अगर इमरान खान के निकाह को अवैध ठहराया जाता है, तो इस मामले में भी उन्हें सजा मिल सकती है।
इस मामले में अब तक चार गवाहों के दिए गए बयानों पर जिरह पूरी हो चुकी है। इमरान खान और बुशरा के बयान भी धारा 342 के तहत दर्ज किए गए हैं।
आपको बता दें, कि बुशरा बीबी को भी तोशाखाना मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई है और उन्होंने सरेंडर कर रखा है। जिसके बाद उन्हें उनके ही घर बनीगाला को उप-जेल बनाकर कैद रखा गया है। लेकिन, सुनवाई से पहले उन्हें अदियाला जेल लाया गया है। फैसले की घोषणा पीटीआई संस्थापक बुशरा बीबी और उनके वकीलों की मौजूदगी में की जाएगी।
शिकायतकर्ता के वकील राजा रिजवान अब्बासी, इमरान खान के वकील सलमान अकरम राजा और बुशरा बीबी के वकील उस्मान गुल ने भी एक दिन पहले अपनी अंतिम दलीलें दर्ज करा दी हैं।
निकाह को लेकर विवाद क्या है?
बुशरा बीबी के पूर्व पति खावर मनेका ने अपनी याचिका में बुशरा बीबी और इमरान खान के निकाह को "धोखाधड़ी" करार दिया है और तर्क दिया है, कि यह शादी उनकी इद्दत के दौरान - उनके साथ तलाक के बाद - संपन्न हुई थी।
जियो.टीवी में याचिका के हवाले से कहा है, कि याचिका में कहा गया है, कि "निकाह और विवाह समारोह न तो कानूनी था और न ही इस्लामी, क्योंकि इसे इद्दत अवधि का पालन किए बिना संपन्न किया गया था।"
उन्होंने याचिका में पूर्व प्रधान मंत्री पर अपना पूरा जीवन बर्बाद करने का भी आरोप लगाया, जिसमें कहा गया है, कि पीटीआई के शीर्ष नेता ने "शिकायतकर्ता के शांतिपूर्ण वैवाहिक जीवन में घुसपैठ के माध्यम से अपनी अनैतिक वासना की पूर्ति की और उनके परिवार को कलंकित किया"।
मनेका ने अदालत में दायर याचिका में कहा है, कि इमरान खान और बुशरा बीबी की शादी को अवैध करार देते हुए इस्लामिक कानून के तहत उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications