पाकिस्तान ने मान ली हार, अब नहीं मिलेगा लोन, वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा प्लान-B तैयार
पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा है कि वे अब प्लान बी पर काम कर रहे हैं ताकि बाहरी देशों के कर्जे चुका सकें। हाल में ही पाकिस्तान सरकार ने अपना बजट पेश किया है।
पाकिस्तान अपनी आजादी के बाद से सबसे गहरे आर्थिक संकट में फंसा हुआ है। देश में आवश्यक चीजों की कमी हो चुकी है और इन्हें आयात करने के लिए सरकार के पास डॉलर नहीं हैं। इस बीच शहबाज सरकार ने बजट पेश किया है जिससे IMF खुश नहीं है।
ऐसे में पाकिस्तान को इसका आभास हो गया है कि IMF उसे लोन नहीं देने जा रही है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने स्वीकार किया है कि उनकी सरकार अब प्लान 'B' पर काम कर रही है।

शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने कहा कि यदि IMF ऋण जारी नहीं करता तो उनकी सरकार दूसरे प्लान पर काम कर रही है।
इशाक डार ने कहा, "पाकिस्तान लंबे वक्त से ऋण संबंधी समस्याओं का सामना कर रहा है। अब हम प्लान बी पर काम कर रहे हैं ताकि हम बाहरी दुनिया के कर्जों को चुका सकें।"
वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा, "प्लान 'B' हमेशा है। हमें आत्मनिर्भर होना है, अपने पैरों पर खड़े होना है। हम इसके बारे में सार्वजनिक रूप से ज्यादा बात नहीं कर सकते। लेकिन इंशाअल्लाह पाकिस्तान दिवालिया नहीं होगा।
इससे पहले पाकिस्तान के वित्त मत्री इशाक डार ने साल 2023-2024 का बजट शुक्रवार को पेश किया। पाकिस्तान ने अपने रक्षा खर्च में पिछले साल के मुकाबले 15.4 प्रतिशत की वृद्धि की है। आर्थिक संकट से जूझ रही पाक सरकार ने तीन साल में पहली बार रक्षा बजट बढ़ाया है।
हालांकि पाकिस्तान सरकार नए बजट के लिए कोई कर लगाने नहीं जा रही है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने नये वित्तीय वर्ष के लिए देश की आर्थिक वृद्धि की दर 3.5 प्रतिशत रहने की उम्मीद जताई है।
वित्त मंत्री ने इसे पेश करते हुए कहा कि इस बजट में सरकार ने 1 जुलाई से शुरू हो रहे वित्तीय वर्ष में आर्थिक उत्पादन के लिए 6.54 फीसदी घाटे का लक्ष्य तय किया है। उनका कहना था कि यह अनुमान से 7 फीसदी से कम है।












Click it and Unblock the Notifications