जनरल रावत की चेतावनी के बाद बौखलाया पाकिस्तान, कहा- दुस्साहस करने की कोशिश की तो 'मुंहतोड़ जवाब' देंगे
Recommended Video

इस्लामाबाद। आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत के चेतावनी भरे बयान से पाकिस्तान की बौखलाहट सामने आयी है। पाकिस्तान ने गुरुवार को भारत को धमकी भरे अंदाज में कहा कि अगर किसी भी प्रकार की दुस्साहस करने की कोशिश की तो उसका 'मुंहतोड़ जवाब' दिया जाएगा। पाकिस्तान की तरफ से यह धमकी जनरल बिपिन रावत की चेतावनी के बाद आयी है, जिन्होंने पिछले सप्ताह कहा था कि अगर हमें मजबूर किया गया तो मजबूत कार्रवाई करने में हम पीछे नहीं हटेंगे। रावत ने कहा था कि पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर उल्लंघन किया जा रहा है और ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भारत युद्ध प्रेमी
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैजल ने कहा कि इंडियन आर्मी चीफ के गैर जिम्मेदाराना और भड़काऊ बयान से दिखता है कि भारत युद्ध प्रेमी है, जिससे बिगड़ी हुई परिस्थितियां और ज्यादा खराब होने वाली है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की कोई इच्छा नहीं है कि वे तनाव को बढ़ावा दे और वे हमेशा ज्यादा से ज्यादा संयम बरतने की कोशिश करते हैं।

दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम...
फैजल ने कहा कि भारत का उत्तेजित रवैया क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और रणनीतिक रूप से गलत आंकलन की स्थिति तक पहुंच सकता है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान किसी भी प्रकार के दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सीमा पर चल रहे तनाव के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराते हुए फैजल ने कहा कि पड़ोसी मुल्क ने बड़े हथियारों का प्रयोग करने के कारण लाइन ऑफ कंट्रोल पर हालात बिगड़े है।

क्या कहा था बिपिन रावत ने
आर्मी डे पर जनरल बिपिन रावत ने कहा था कि सेना पाकिस्तान के परमाणु झांसों को धता बताने और किसी भी अभियान के लिए सीमापार करने को तैयार है। जनरल रावत ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो सीमा पर जाकर भी सेना कार्रवाई कर सकते हैं। साथ ही डोकलाम विवाद को लेकर बिपिन रावत ने चीन को भी चेतावनी देते हुए कहा था कि वे हमें कमजोर समझने की भूल ना करें।












Click it and Unblock the Notifications