Pakistan: पाकिस्तान में चुनाव से एक दिन पहले धमाके ही धमाके.. दूसरे बम ब्लास्ट के बाद अभी तक 28 की मौत
Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान में आम चुनाव से ठीक एक दिन पहले बुधवार को बलूचिस्तान में चुनावी उम्मीदवारों को निशाना बनाकर किए गए दो अलग-अलग विस्फोटों में कम से कम 28 लोग मारे गए हैं और 40 से ज्यादा अन्य लोग घायल हो गए हैं।
पहले हमले में बलूचिस्तान के पिशिन में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के कार्यालय के बाहर हुए विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जबकि दूसरा विस्फोट जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फजल (जेयूआई-एफ) कार्यालय के बाहर किला सैफुल्लाह जिला में किया गया है।

पिशिन में पहला बम ब्लास्ट
पिशिन विस्फोट खानोज़ाई इलाके में स्वतंत्र उम्मीदवार असफंद यार खान काकर के राजनीतिक कार्यालय के बाहर हुआ है।
काकर 8 फरवरी को होने वाले चुनाव में NA-265 निर्वाचन क्षेत्र और बलूचिस्तान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र - PB-47 और PB-48 से चुनाव लड़ रहे हैं।
अस्पताल के एमएस डॉ हबीब ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया है, कि घायल लोगों को तहसील अस्पताल खानोजाई में ट्रांसफर कर दिया गया है, जबकि शवों को भी अस्पताल भेजा जा रहा है।
डॉ. हबीब ने कहा कि ज्यादातर घायलों की हालत गंभीर है।
जियो न्यूज के मुताबिक, प्रांतीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा है, कि विस्फोट के बाद क्वेटा के अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है, जिसके लिए अतिरिक्त कर्मचारी भी बुलाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर, सिविल अस्पताल, बीएमसी, बेनजीर और शेख जायद अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए ऑपरेशन थिएटर कर्मचारियों के साथ तैयार हैं।
पिशिन में पीपी-47 में जब विस्फोट हुआ, तब निर्दलीय उम्मीदवार अपने कार्यालय के अंदर मौजूद नहीं थे।
पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने विस्फोट का संज्ञान लिया है और बलूचिस्तान के मुख्य सचिव और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) से रिपोर्ट तलब की है।
ईसीपी के एक प्रवक्ता ने कहा हैसस कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जियो न्यूज के मुताबिक, काकर ने कहा, कि यह विस्फोट उनके चुनाव कार्यालय के बाहर एक मोटरसाइकिल में हुआ। उन्होंने कहा, "जब चुनाव कार्यालय में पोलिंग एजेंटों के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा था, तब हुए विस्फोट में हमारे आठ कार्यकर्ता शहीद हो गए और 18 से ज्यादा घायल हो गए हैं।"
जब विस्फोट हुआ, तब काकर खुद बारशोर में चुनाव प्रचार कर रहे थे।
किला सैफुल्लाह में दूसरा ब्लास्ट
दूसरे विस्फोट में किला सैफुल्लाह जिले में जेयूआई-एफ कार्यालय को निशाना बनाया गया है। बलूचिस्तान के सूचना मंत्री अचकजई ने कहा, कि दूसरे विस्फोट में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं और 17 अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, कि जेयूआई-एफ नेता मौलाना अब्दुल वासे, जो पीबी-3 से चुनाव लड़ रहे हैं, वो हमले में सुरक्षित हैं।
अचकजई ने कहा, कि आतंकवादी अपने उद्देश्यों में सफल नहीं होंगे और उन्होंने कहा, कि अंतिम आतंकवादी के खात्मे तक युद्ध जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications