पाकिस्तानः कराची के नामी स्कूल का प्रिसिंपल गिरफ्तार, 45 महिलाओं संग रेप का आरोप, वीडियो वायरल होने पर खुलासा
पाकिस्तान में एक स्कूल के प्रिंसिपल पर 45 से अधिक महिलाओं संग दुराचार करने का आरोप लगा है। यह घटना कराची शहर की है। सोमवार को प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पाकिस्तानी वेबसाइट 'डॉन न्यूज' के अनुसार आरोपी प्रिंसिपल के मोबाइल से कई महिलाओं के वीडियो भी रिकवर किए गए हैं। इन्हें स्कूल के CCTV में रिकॉर्ड किया गया था। ये कैमरे छिपाकर लगाए गए थे।

जांच अधिकारी (IO) ने मंगलवार को बताया कि कराची के गुलशन-ए-हदीद इलाके में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने 45 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने एक दिन पहले प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया था। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को कुछ दिन पहले इंटरनेट पर कुछ महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरों की जानकारी मिली थी। इसमें आरोपी प्रिंसिपल और एक महिला शिक्षक के बीच का अश्लील वीडियो भी था।
इन महिलाओं की जांच करने पर इंटेलिजेंस को पता चला कि इनमें मौजूद सभी महिलाएं कराची के निजी स्कूल में अलग-अलग वक्त पर नौकरी करती रही हैं। स्कूल के बारे में जानकारी जुटाई गई तो पता लगा कि यहां के प्रिंसिपल का नाम इरफान गफूर मेमन है। ये कराची के नामी स्कूलों में से एक है।
इसके बाद स्कूल पर छापा मारा गया। इस दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए। इनमें 25 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिले। जांच अधिकारियों ने कहा कि प्रिंसिपल के कार्यालय को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक जांच की जाएगी।
आरोपी को सात दिन की फिजिकल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने दिसंबर में स्कूल को 100,000 रुपये प्रति माह पर किराए पर लिया था। उसने कहा कि स्कूल में लगभग 10 महिला शिक्षक, 5 पुरुष शिक्षक और लगभग 250 छात्र हैं।
पुलिस ने बताया कि राज्य की शिकायत पर स्टील टाउन थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि नौकरी देने के बहाने प्रिंसिपल महिला शिक्षिकाओं का यौन शोषण करता था। जांच अधिकारियों ने यह भी कहा कि सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को सबूत के तौर पर लिया गया है जबकि उनके मोबाइल फोन की भी जांच की जाएगी।
आईओ ने यह भी कहा कि एक पीड़िता ने उनसे संपर्क किया है। आगे उसका बयान दर्ज किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि मामले की जांच एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा की जा रही है। अधिकारी ने यह भी कहा कि और भी संदिग्धों के बारे में जानकारी सामने आई है जिनके पास डीवीआर और वीडियो हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस आज रात तक दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लेगी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इंटरनेट पर वीडियो एक महिला टीचर ने अपलोड किए थे और वो इस जुर्म में शामिल है। इस महिला टीचर को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।












Click it and Unblock the Notifications