बिलावल भुट्टो प्रधानमंत्री तो बाप जरदारी बनेंगे पाकिस्तान के राष्ट्रपति! PPP ने किया बड़ा ऐलान
पाकिस्तान में चुनाव के तारीख की घोषणा कई हफ़्ते पहले हो चुकी है। 8 फरवरी को देश में आम चुनाव कराए जाएंगे। इस बीच पाकिस्तान में पीपीपी ने बिलावल भुट्टो जरदारी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
इसके साथ ही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने बिलावल के पिता आसिफ अली जरदारी राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। आपको बता दें कि पीएमएल-एन ने पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित कर रखा है।

पीपीपी के सूचना सचिव फैसल करीम कुंडी ने कहा कि बिलावल भुट्टो प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे और हमारी इच्छा होगी कि हम 2008 को फिर से दोहराएं और आसिफ जरदारी को राष्ट्रपति बनाएं।
देश में मिस्टर 10 परसेंट के नाम से मशहूर 68 वर्षीय आसिफ अली जरदारी 2008 में हुए चुनावों के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति बने थे। वह 2013 तक इस पद पर रहे थे। जबकि 35 वर्षीय बिलावल भुट्टो अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक विदेश मंत्री के पद पर रहे थे।
पिछले महीने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने बयान दिया था कि देश का अगला प्रधानमंत्री लाहौर से नहीं होगा। उस वक्त इसे नवाज शरीफ से जोड़कर देखा गया था। नवाज शरीफ पंजाब प्रांत में लाहौर के रहने वाले हैं। वहीं, भुट्टो परिवार सिंध से ताल्लुक रखता है।
आपको बता दें कि पाकिस्तान एक बहुदलीय संसदीय लोकतंत्र है। यहां पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति का चुनाव किसी पार्टी द्वारा जीती गई सीटों की संख्या के आधार पर अप्रत्यक्ष होता है। प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति का नामांकन मतदाताओं को यह जानने में मदद करता है कि कौन पीएम और राष्ट्रपति पद की रेस में है।
पाकिस्तान में नेशनल असेंबली और प्रांतीय चुनाव एक साथ कराए जाते हैं। पाकिस्तान में 4 बड़े प्रांत- पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, सिंध, बलूचिस्तान हैं। जबकि दो क्षेत्र FATA और इस्लामाबाद केंद्रशासित प्रदेश हैं।
जनसंख्या के लिहाज से पंजाब सबसे बड़ा प्रांत है, जहां 141 सीटें हैं। इसके बाद सिंध में 61, खैबर पख्तूनख्वा में 39 और बलूचिस्तान में 16 सीटें हैं। जबकि FATA में 12 और इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी में 3 सीटें हैं। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और बाल्टिस्तान व गिलगित में चुनाव नहीं कराए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications