CPEC News: पाकिस्तान का नया दांव... शहबाज शरीफ ने भारत को दिया CPEC में शामिल होने का न्योता
CPEC News: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत को अरबों डॉलर की चीन पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरीडोर (सीपीईसी) बुनियादी ढांचा परियोजना में शामिल होने का न्योता दिया है। शहबाज शरीफ ने कहा है, कि भारत की सीपीईसी के रास्ते में बाधाएं पैदा करने के बजाय, इसका लाभ उठाना चाहिए।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सीपीईसी के 10 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को एक बयान में भारत से सीपीईसी परियोजना से जुड़ने का ऑफर दिया है। पाकिस्तान का ये ऑफर उस वक्त आया है, जब खुद पाकिस्तान सीपीईसी परियोजना में शामिल होकर चीन के कर्ज के जाल में बुरी तरह से फंसा है और सीपीईसी को लेकर उसकी जो भी उम्मीदें थी, वो सभी नाकाम साबित हुई हैं।

सीपीईसी में शामिल होने का ऑफर
भारत का आधिकारिका स्टैंट हमेशा से सीपीईसी के खिलाफ रहा है, क्योंकि ये पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर से गुजरता है और भारत का कहना रहा है, कि पाकिस्तान को पीओके खाली करना चाहिए।
वहीं, शहबाज शरीफ ने सीपीईसी परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि ईरान, अफगानिस्तान, मध्य पूर्व और पूरे क्षेत्र को भी मेगा-विकास परियोजना से लाभ होगा। पाकिस्तान पीएम कार्यालय की तरफ से जारी बयान में शहबाज शरीफ के हवाले से कहा गया, कि "सीपीईसी न केवल क्षेत्रों को बल्कि लोगों के दिलों को भी जोड़ने वाली एक खूबसूरत योजना है।"
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने सीपीईसी के विकास की गति को दोगुना करने की कसम खाई और कहा, कि ये परियोजना न केवल सड़कों, रेल, बंदरगाहों और हवाई मार्गों में सुधार के लिए था, बल्कि इस प्रक्रिया में जनता की भागीदारी के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास क्षेत्रों में भी मदद करेगा।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस प्रोजेक्ट को पूरे क्षेत्र के लिए गेम चेंजर बताते हुए कहा, कि सीपीईसी का क्षेत्र में लोगों के जीवन स्तर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
शी जिनपिंग को बताया महान लीडर
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चीन की जमकर तारीफ की है, और सीपीईसी के 10 साल पूरे होने पर पाकिस्तान और चीन के नेतृत्व और लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, कि यह दोनों "लौह भाइयों" के बीच सदाबहार और भरोसेमंद रणनीतिक सहकारी साझेदारी का एक नया अध्याय है।
उन्होंने कहा, कि यह परियोजना महान चीनी नेता शी जिनपिंग और पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ के "सभी के लिए विकास" के दृष्टिकोण का एक जबरदस्त उदाहरण है। शहबाज ने आगे कहा, कि "बेल्ट एंड रोड पहल चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की शांति, मित्रता और आर्थिक साझेदारी के दृष्टिकोण की अभिव्यक्ति है।"
आपको बता दें, कि सीपीईसी प्रोजेक्ट को इमरान खान ने बंद कर दिया था और उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का अड्डा बताया था। कई एक्सपर्ट्स का कहना है, कि सीपीईसी, पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों के लिए खजाना साबित हुआ है और सीपीईसी में जमकर लूटपाट की गई है।
शहबाज शरीफ ने सीपीईसी प्रोजेक्ट रोकने के लिए इमरान खान की आलोचना की और अफसोस जताते हुए कहा, कि पिछली सरकार के चार वर्षों के दौरान परियोजना की राह में बाधाएं पैदा की गईं, साथ ही चीन जैसे महान मित्र पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए।
उन्होंने कहा, कि "सीपीईसी के दुश्मन पाकिस्तान और क्षेत्र में शांति, विकास और समृद्धि के खिलाफ हैं, क्योंकि वे देश से गरीबी खत्म नहीं करना चाहते।" इसके साथ ही, शहबाज शरीफ ने सीपीईसी को पाकिस्तान और चीन के बीच आपसी साझेदारी के एक नए युग की शुरुआत बताया।












Click it and Unblock the Notifications