पाकिस्तान: इमरान खान की पार्टी PTI पर बैन लगाने की तैयारी शुरू, रक्षा मंत्री के खुलासे से मचा बवाल
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पीटीआई ने पाकिस्तान की नींव पर हमला किया है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

पाकिस्तान की सियासत में सरकार इमरान खान की राजनीति को खत्म करने के बेहद करीब पहुंच गई है। देश में इमरान खान की पार्टी पीटीआई पर बैन लगाने पर विचार किया जा रहा है। इसका खुलासा पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने किया है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि सरकार इमरान खान की पार्टी पर बैन लगाने पर विचार कर रही है। उन्होने कहा, "स्टेट पर हमले के लिए पाकिस्तान पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है।"
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री आसिफ ने संवाददाताओं से कहा, "पीटीआई ने देश के आधार पर हमला किया है, जो पहले कभी नहीं हुआ। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।" पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की इस महीने की शुरुआत में हुई गिरफ्तारी के बाद पूरे पाकिस्तान में घातक विरोध प्रदर्शन हुए थे।
इस दौरान सेना के प्रतिष्ठानों पर हमला किया गया और राज्य की इमारतों में आग लगा दी गई। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इमरान सेना को दुश्मन मानते हैं। वह सेना को विरोधी के तौर पर देखते हैं।
ख्वाजा आसिफ ने इमरान की गिरफ्तारी के बाद 9 मई की हिंसा के बाद हुई सैन्य कार्रवाई को 'वैध' बताया। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इमरान की पूरी राजनीति सेना की गोद से है और आज वह ही सेना के खिलाड़ खड़े हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि 'ऐसा सिर्फ मैं नहीं कह रहा हूं, बल्की पीटीआई छोड़ने वाले तमाम नेता कह रहे हैं।' इस बीच पाकिस्तान की नेशनल असेंबली ने नौ मई के आरोपियों पर आर्मी एक्ट के तहत कार्रवाई करने को लेकर विधेयक पास कर दिया है।
यह प्रस्ताव खुद रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने नेशनल असेंबली में पेश किया। वहीं, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के केंद्रीय मीडिया सचिव ने कहा है कि इमरान खान आज शाम 7 बजे देश को संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications