PAK नेता ने कहा दुनिया के लिए कैंसर है पाकिस्तान, बताया आतंकवाद का मुख्य केंद्र
कराची। पाकिस्तान की एक राजनीतिक पार्टी के नेता ने मंगलवार को अपने एक भाषण में कहा कि पाकिस्तान पूरी दुनिया के लिए कैंसर है। इस भाषण के बाद नेता के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर कराची स्थित पार्टी ऑफिस को सील कर दिया गया।

मुत्ताहिदा-ए-कौमी मूवमेंट (MQM) के नेता अल्ताफ हुसैन के खिलाफ लंदन में मनी लॉन्ड्रिंग का केस चल रहा है, इस वजह से वह पाकिस्तान नहीं जा सकते। लंदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पूरी दुनिया के लिए कैंसर है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी मीडिया उनके कार्यक्रमों को कवरेज नहीं देता।
हमले में एक की मौत कई घायल
इस भाषण से पाकिस्तान में सियासत गरमा गई और लोग सड़कों पर उतर आए। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर तोड़फोड़ की और कई टीवी चैनलों के दफ्तरों पर भी हमला बोला। आरोप है कि हुसैन ने ही पार्टी कार्यकर्ताओं को टीवी चैनलों पर हमले के लिए उकसाया था। दो टीवी चैनलों पर हुए हमले के दौरान एक शख्स की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए।
हिरासत में लिए गए 9 पार्टी नेता
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पार्टी के 9 नेताओं को हिरासत में लिया है और पार्टी हेडक्वार्टर को सील कर दिया। सिंध पुलिस के प्रमुख एडी ख्वाजा ने बताया कि हुसैन के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होने कहा, 'MQM के खिलाफ दो केस दर्ज किए हैं. इनमें से एक केस देशद्रोह का है जबकि दूसरा केस मीडिया चैनलों पर हमले का है।'

पाकिस्तान को बताया आतंकवाद का केंद्र
अल्ताफ हुसैन ने अपने भाषण में कहा था, 'पाकिस्तान दुनिया भर के लिए कैंसर है। पाकिस्तान दुनिया के लिए अभिशाप है। पाकिस्तान दुनिया भर में आतंकवाद का मुख्य केंद्र है।' हुसैन ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी भी की।
बाद में मांग ली माफी
पूरे घटनाक्रम को लेकर जब बवाल बढ़ा तो अल्ताफ हुसैन ने माफी मांग ली। हुसैन ने कहा, 'मैं अपने दिल की गहराई से पाकिस्तान के खिलाफ कही गई हर बात के लिए माफी मांगता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications