पाकिस्तान में खेला होने वाला है? इमरान खान की PTI ने PM पद के लिए उमर अयूब को घोषित किया उम्मीदवार
पाकिस्तान चुनाव परिणाम के बाद PML-N और PPP के बीच हुए गठबंधन के बाद अब तक ये लग रहा था कि शहबाज शरीफ पाकिस्तान के अगले प्रधानमंत्री होंगे। मगर इसी बीच इमरान खान के नेतृत्व वाली PTI ने उमर अयूब को अपना प्रधानमंत्री उम्मीदवार नामित किया है।
उमर अयूब पार्टी के महासचिव भी हैं। पिछले कुछ सालों में उमर अयूब खान ने पीटीआई में रहकर कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। अयबू आर्थिक मामलों के मंत्री, ऊर्जा मंत्री और पेट्रोलियम मंत्री सहित कई पदों पर काबिज रहे हैं।

File Image
पीटीआई के नेता असद कैसर ने अदयाला जेल में इमरान खान से मुलाकात के बाद ये जानकारी दी है। वहीं पीटीआई के एक और नेता जुल्फी बुखारी ने बताया कि अगर पार्टी विपक्ष में बैठती है तो उमर अयूब खान पार्टी के नेता होंगे।
पाकिस्तान में हुए आम चुनावों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। जेल में बंद इमरान खान की पार्टी PTI द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने पिछले सप्ताह के चुनाव में 92 सीटें जीतीं, जिससे वे सबसे बड़ा समूह बन गए। मगर, वे एक पार्टी के रूप में उन्हें अब तक मान्यता नहीं मिल पाई है।
आपको बता दें कि उमर अयूब पाकिस्तान के चर्चित सैन्य कमांडर फील्ड मार्शल अयूब खान के पोते हैं। अयूब खान पाकिस्तान के सैन्य इतिहास के पहले ऐसे शख्स थे जिन्होंने खुद को फील्ड मार्शल बनाया था। उन्होंने सरकार के विरुद्ध सैन्य विद्रोह कर सत्ता पर कब्जा कर लिया था और पाकिस्तान के दूसरे राष्ट्रपति बन गए थे।
अयूब खान वही राष्ट्रपति हैं, जिनके कार्यकाल के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच 1965 की जंग हुई थी। उमर अयूब के पिता, गोहर अयूब खान का भी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक करियर था। उन्होंने नेशनल असेंबली के सदस्य के रूप में काम किया और कई बार मंत्री भी रहे।
उमर अयूब ने साल 2018 में PTI जॉइन की थी। इससे पहले वो नवाज शरीफ के खिलाफ बनी पार्टी PML-Q के सदस्य थे।2002 में PML दो टुकड़ों में बंट गई थी। एक तरफ नवाज और उनके समर्थकों का गुट था, जिसे PML-N कहा गया। वहीं उनके विरोधियों ने PML-Q पार्टी बनाई।
पाक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार PTI केंद्र और पंजाब प्रांत में धार्मिक पार्टी मजलिस-ए-वहदत मुसलिमीन (MWM) के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने की तैयारी में है।












Click it and Unblock the Notifications