पाकिस्तान: सरकार बनाने के लिए सीटें जुगाड़ने में लगे इमरान, विपक्ष बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी में
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के आम चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी पीटीआई को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने के बाद सरकार बनाने के लिए अब इमरान खान ने निर्दलीय और छोटी पार्टियों से बात करनी शुरू कर दी है। उधर विपक्ष ने चुनाव में धांधली को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन छेडने की बात कही है। पड़ोसी देश में बुधवार को हुए चुनाव में इमरान खान की पीटीआई ने 116 सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन सरकार बनाने के लिए अभी भी 21 सीटों की जरूरत है।

14 अगस्त से पहले बन सकती है सरकार
चुनाव आयोग ने शनिवार को अंतिम परिणाम घोषित कर दिए, उसमें पीटीआई को सबसे ज्यादा और उसके बाद नवाज शरीफ की पार्टी ने पीएमएल-एन ने 64 सीटों पर जीत दर्ज की है। पीटीआई प्रवक्ता फवाद चौधरी ने कहा है कि गठबंधन की सरकार के लिए पार्टी ने बातचीत शुरू कर दी है। चौधरी ने कहा कि हम निर्दलीय और छोटी पार्टियों से संपर्क कर रहे हैं, जिनसे जल्द ही इस्लामाबाद में मुलाकात होगी। एक पीटीआई सदस्य ने कहा कि पार्टी 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले ही सरकार बना लेगी।

चुनाव धांधली पर विपक्ष एकजुट
उधर चुनाव में धांधली को लेकर पाकिस्तान में दर्जनों पार्टियों ने आंदोलन छेड़ने के लिए ऑल पार्टी कांफ्रेंस (APC) बुलाई है। हालांकि, यह ग्रुप भी दो गुट में बंटता दिखाई दे रहा है। एक तरफ पार्टियां फिर से वोटिंग की मांग कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ पार्टियों ने नेशनल एसेंबली का बहिष्कार करने के लिए कहा है। पीपीपी के चीफ बिलावल भुट्टो जरदारी ने चुनावी परिणाम को रिजेक्ट करते हुए इलेक्शन कमीशन चीफ के इस्तीफे की मांग की है।

पीएमएल-एन और पीपीपी के ये हैं आरोप
पाकिस्तान की दोनों बडी पार्टियां पीएमएल-एन और पीपीपी ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। काउंटिंग के वक्त उनके मॉनिटर्स को बाहर निकाल दिया गया था और यहां तक कि पीएमएल-एन चीफ का कहना है कि उन परिणामों की आधिकारिक अधिसूचनाएं पार्टी को प्राप्त नहीं हुई थीं। शहबाज शरीफ ने चुनाव में हुई धांधली के मामले में पाकिस्तान की छोटी पार्टियों से मुलाकात की है। शरीफ ने कहा है कि चुनाव में हुई धांधली को लेकर चुनाव आयोग को सबूत पेश करेंगे।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान चुनाव परिणाम: इमरान की पार्टी 116 सीटों के साथ सबसे टॉप पर, बाकि का यह है हाल












Click it and Unblock the Notifications