पाकिस्तान में छाएगा अंधेराः रात 8:30 बजे बाजार होगा बंद, 'बिजली संकट' को लेकर शादियों पर भी लगी लगाम
पाकिस्तान में सभी लोगों को बाजार का काम शाम खत्म होने से पहले निपटा लेना होगा वहीं, शादियां भी अब रात होने से पहले करना जरूरी होगा। सरकार ने ऐसा फैसला बिजली बचाने की खातिर लिया है।

Image: ANI
पाकिस्तान में ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है। आर्थिक संकट के साथ-साथ भारत का पड़ोसी देश अब बिजली संकट का भी सामना कर रहा है। देश में लगातार बढ़ते ऊर्जा संकट पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने ऊर्जा संरक्षण योजना को मंजूरी दे दी है। इस कानून के मुताबिक अब देश में रात 8:30 बजे तक ही बाजार खुले रह सकते हैं और शादी के हॉल को भी रात 10 बजे तक ही खोले रखा जा सकता है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा की।

बिजली बचाने की खातिर सरकार ने लिया फैसला
आसान भाषा में कहें तो अब पाकिस्तान में सभी लोगों को बाजार का काम शाम खत्म होने से पहले निपटा लेना होगा वहीं, शादियां भी अब रात होने से पहले करना जरूरी होगा। सरकार ने ऐसा फैसला बिजली बचाने की खातिर लिया है। आपको बता दें कि पाकिस्तान मौजूदा समय में चौतरफा संकट से घिरा हुआ है। देश ऊर्जा संकट और उच्च स्तर पर मुद्रास्फीति का सामना कर रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध और जून में देश में आई विनाशकारी बाढ़ ने पाकिस्तान में ऊर्जा संकट को और बढ़ा दिया है।

30 फीसदी बिजली बचाने का लक्ष्य
जियो न्यूज ने आसिफ के हवाले से कहा, "बिजली विभाग की सिफारिश पर कैबिनेट ने ऊर्जा बचत योजना को लागू करने की अनुमति दी है, जिसे पूरे देश में लागू किया जाएगा।" रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सभी संघीय सरकारी विभागों द्वारा उपयोग किए जाने वाले बिजली के उपयोग को 30 प्रतिशत तक कम करने का निर्देश दिया है। पीएम शरीफ ने कार्यालयों में बिजली के महत्वहीन उपयोग के खिलाफ भी निर्देश दिया है। इस नई योजना को ऐसे समय में मंजूरी मिली है जब कई पर्यवेक्षक और विशेषज्ञों पाकिस्तान के दिवालिया होने के खतरे की घंटी बजा दी है।

पेट्रोल बाइक की जगह लेंगे इलेक्ट्रिक बाइक
आपको बता दें कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 'राष्ट्रीय ऊर्जा-संरक्षण' कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा अधिकारियों को ऊर्जा क्षेत्र के लोन को कम करने के निर्देश के बाद आया है। मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि केंद्र सरकार इस राष्ट्रव्यापी योजना को लागू करने के लिए प्रांतों से संपर्क करेगी। पाकिस्तान में ऊर्जा बचाने वाले पंखों और बल्ब को जल्द दी बाजार में उतारा जाएगा, जो देश के 38 अरब रुपये बचा सकते हैं। इसके साथ ही देश में पेट्रोल की खपत को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक बाइक को लाया जाएगा जो पारंपरिक मोटरसाइकिलों की जगह लेंगी।

एक चौथाई आबादी के पास अभी भी बिजली नहीं
एशियाई विकास बैंक ने अपने मध्य एशिया क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग (सीएआरईसी) ऊर्जा आउटलुक 2030 में पाकिस्तान के ऊर्जा क्षेत्र के साथ अन्य प्रमुख मुद्दों पर प्रकाश डाला है। जियो न्यूज ने CAREC की रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि देश की आबादी 2 फीसदी सालाना की दर से बढ़ रही है, जिससे उद्योग पर दबाव बढ़ गया है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक चौथाई आबादी के पास अभी भी बिजली की पहुंच नहीं है। पाकिस्तान के कई हिस्सों में लंबी अवधि के लिए अत्यधिक बिजली कटौती देखी गई, जिससे दैनिक जीवन और व्यवसाय बाधित हुआ।












Click it and Unblock the Notifications