'पाक फौज में भारत से लड़ने की क्षमता नहीं', पूर्व आर्मी चीफ बाजवा के खुलासे पर PAK आर्मी ने तोड़ी चुप्पी
हामिद मीर ने दावा किया था, कि जनरल बाजवा के पहल पर पीएम मोदी 21-22 अप्रैल 2021 को पाकिस्तान की यात्रा करने वाले थे, और ना तो इमरान खान और ना ही पाकिस्तान के विदेश मंत्री को इसकी जानकारी थी।

Pakistan News: पाकिस्तानी सेना के पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा ने पाकिस्तानी पत्रकारों के साथ एक बातचीत में कहा था, कि पाकिस्तानी सेना भारत से लड़ने के काबिल नहीं है, क्योंकि पाकिस्तानी हथियारों में दम नहीं है।
जिसके बाद पाकिस्तान में बवाल मच गया था और कमर जावेद बाजवा की कोर्ट मार्शल तक करने की मांग की जाने लगी। लेकिन, इस विवाद के कई दिन बीतने के बाद अब पाकिस्तानी सेना ने अपनी तोड़ी चुप्पी है और कहा है, कि 'जनरल बाजवा ने जो कहा, उसे अलग तरह से कहा गया।'
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा विंग ने शुक्रवार को चुप्पी तोड़ते हुए कहा, कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा के "पाकिस्तानी सेना की लड़ने की क्षमता" वाले बयान को "संदर्भ से हटकर" लोगों के सामने लाया गया।
पाकिस्तानी सेना ने क्या कहा?
पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर ने पिछले दिनों टीवी पर एक कार्यक्रम के दौरान दावा किया था, कि पत्रकारों से बातचीत के दौरान जनरल बाजवा ने कहा था, कि 'पाकिस्तान के पास अपने टैंकों में तेल भराने के लिए पैसे नहीं है।'
हामिद मीर ने इसके साधथ ही दावा किया था, कि जनरल बाजवा ने कश्मीर पर भारत के साथ सौदा कर लिया था और जनरल बाजवा, भारत से साथ अच्छे संबंध चाहते थे, लेकिन इमरान खान के अड़ंगा लगाने के बाद ऐसा नहीं हो पाया।
हामिद मीर के इस खुलासे के बाद अब पाकिस्तानी सेना का इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बयान जारी किया है और कहा है, कि "इसकी सूची में कुछ हथियार प्रणालियों की स्थिति के मद्देनजर पाकिस्तानी सेना की युद्ध योग्यता" पर चर्चा हुई।
आईएसपीआर ने कहा, "इसके लिए, पाकिस्तान के लिए भविष्य के खतरे पर पूर्व सेना प्रमुख के विचार, जिसे उन्होंने एक ऑफ-द-रिकॉर्ड इंटरएक्टिव सत्र में मीडियाकर्मियों के साथ साझा किया, उनके बयान को संदर्भ से बाहर कर बताया गया है।" सेना के मीडिया विंग ने पाकिस्तानी जनता को भरोसा दिलाया, कि सेना हमेशा अपनी "संचालन संबंधी तैयारियों और युद्ध लड़ने की क्षमता" पर गर्व किया है।
आईएसपीआर ने कहा, कि "पाकिस्तान के सशस्त्र बलों ने हमेशा मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने हथियार, उपकरण और कठोर मानव संसाधन को हमेशा तैयार रखा है।"
हामिद मीर ने क्या कहा था?
पत्रकार हामिद मीर ने टेलीविजन शो के दौरान दावा किया, कि पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने कश्मीर पर सौदा कर लिया था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पाकिस्तान की यात्रा करने वाले थे। शनिवार 22 अप्रैल को पाकिस्तानी पत्रकार हामिद मीर के इस दावे के बाद पाकिस्तान के अंदर बेचैनी बढ़ी हुई है और पाकिस्तानी सेना बार बार अनर्गल बयानबाजी कर रही है।
हामिद मीर ने अपने वीडियो में उस बैठक का हवाला दिया था, जिसे कमर जावेद बाजवा ने पत्रकारों के लिए आयोजित की था, जिसमें पाकिस्तान के करीब 25 पत्रकार शामिल हुए थे, जिसमें जनरल बाजवा ने कहा था, कि पाकिस्तानी सेना, भारतीय फौज से लड़ने के काबिल नहीं है। लिहाजा, उस बैठक में बाजवा ने भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने की वकालत की थी।
हामिद मीर ने कहा, कि बाजवा का कहना था, कि अगर इंडियन आर्मी से जंग होती है, तो पाकिस्तानी फौज के पास लड़ने के लिए टैंक तक नहीं हैं। उन्होंने कहा, कि इसीलिए जनरल बाजवा ने कश्मीर के ऊपर भारत से 'सौदा' कर लिया और जनरल बाजवा ने कश्मीरियों को हैरान कर दिया।
पीएम मोदी जाने वाले थे पाकिस्तान?
पाकिस्तान के एक और वरिष्ठ पत्रकार जावेद चौधरी ने अपने आर्टिकिल में दावा किया था, कि पीएम मोदी अप्रैल 2021 में पाकिस्तान की यात्रा करने वाले थे, जहां वो हिंगलाजा माता मंदिर में पूजा करने के बाद इस्लामाबाद की यात्रा करते, जहां उनकी मुलाकात तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान से होती।
हालांकि, चौधरी ने दावा किया, कि तत्कालीन विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने इमरान खान के सामने इस बात को लेकर अपनी आपत्ति जताई थी और प्रधानमंत्री इमरान खान को इस दौरे के लिए सहमत नहीं होने पर राजी कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications