दिल्ली-मुंबई आ रहे 400 भारतीय यात्री इस्तान्बुल एयरपोर्ट पर फंसे, यात्रियों का भड़का गुस्सा
इंडिगो एयरलाइंस से दिल्ली और मुंबई आ रहे तकरीबन 400 यात्री इस्तान्बुल एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार ऑपरेशनल दिक्कतों की वजह से ये यात्री यहां फंसे हैं। एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका आरोप है कि उन्हें खाना नहीं दिया गया, ना ही उन्हें ठहरने की जगह दी गई। कुछ लोगों की तबीयत भी खराब हो गई।
एक यात्री ने देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा हमारी इस्तान्बुल से दिल्ली की फ्लाइट है, लेकिन तकरीबन 400 यात्री यहां एयरपोर्ट पर फंसे हैं। विमान की उड़ान का समय रात 8 बजे थे, लेकिन यह दोपहर 1.30 बजे तक के लिए विलंबित है। क्या ही बकवास है ये, क्या इस तरह से आप अपने यात्रियों के साथ बर्ताव करते हैं।

विमान से भारत आ रहे एक और यात्री रोहन राजा ने बताया कि हमारी फ्लाइट सुबह 6.40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होनी थी, लेकिन यह कैंसल हो गई। यात्रियों को ना रुकने की जगह दी गई, ना ही खाने की व्यवस्था, उन्हें ऐसे ठंड में छोड़ दिया गया।
एक और यात्री ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, इंडिगो, आपने जिस तरह से फ्लाइट संख्या 6E0018 को हैंडल किया जो इस्तान्बुल से मुंबई जाने वाली थी, वह भयावह है। इसे रात 81.5 पर रवाना होना था, लेकिन इसे रात 11 बजे तक के लिए विलंबित किया गया। कोई बात नहीं हमने इंतजार किया, लेकिन आपने इसे सुबह 10 बजे तक के लिए डिले कर दिया, आखिर चल क्या रहा है।
वहीं एक यात्री की शिकायत का जवाब देते हुए इंडिगो ने कहा कि हम आपको हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हैं, हम जल्द ही आपसे संपर्क करेंगे। गौर करने वाली बात है कि इस महीने की शुरुआत में इंडिगो को दुनिया की सबसे खराब एयरलाइन का तमगा मिला था। 2024 एयर हेल्प स्कोर में इंडिगो की रेटिंग 4.80 थी और इसे वर्ल्ड रैंकिंग में 103वां स्थान प्राप्त हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications