भारत को बम बरसाने वाले ड्रोन दे सकता है अमेरिका
नई दिल्ली। जल्द ही भारतीय वायुसेना के बेड़े में अमेरिकी ड्रोन भी शामिल हो सकता है। इसे लेकर एक उच्च अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया है कि ट्रंप प्रशासन भारत की उस मांग पर गंभीरता से विचार कर रहा है, जिसमें भारत ने अपनी वायुसेना के बेड़े में शामिल करने के लिए हथियारों से लैस ड्रोन की मांग की थी। जब इस अधिकारी से पूछा गया कि क्या अमेरिका भारत की इस मांग पर विचार कर रहा है तो उन्होंने 'हां, हां' कहकर इस बात को अपनी सहमति दी है। अगर ये अमेरिकी ड्रोन भारतीय वायुसेना में शामिल हो जाते हैं तो इससे देश की वायुसेना की रक्षा क्षमता में काफी बढ़ोत्तरी हो जाएगी।

आपको बता दें कि भारत की तरफ से इसी साल अमेरिका के सामने इन एयरक्राफ्ट को खरीदने का प्रस्ताव रखा गया था। भारतीय वायुसेना ने अमेरिका से जनरल एटमिक्स प्रीडेटर सी एवेंजर्स एयरक्राफ्ट खरीदने की बात की थी, जिस पर अभी विचार हो रहा है। 26 जून को व्हाइट हाउस में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई मुलाकात के बाद से ही ट्रंप प्रशासन भारतीय वायुसेना की इस मांग पर विचार कर रहा है। भारतीय वायुसेना को ऐसे करीब 80-100 एयरक्राफ्ट चाहिए और इस सौदे के लिए भारत को करीब 8 अरब डॉलर चुकाने होंगे।
मोदी-ट्रंप की मुलाकात के बाद अमेरिका ने घोषणा की थी कि वह भारत को 22 अनआर्म्ड गार्डियन बेचेगा, जो हिंद महासागर के क्षेत्र में निगरानी करेंगे। इससे भी भारतीय नौसेना पहले की तुलना में मजबूत होने वाली है। वहीं अगर हथियारों से लैस ड्रोन की मांग भी अमेरिका ने मान ली और ड्रोन भारत को मिल गए तो भारतीय वायुसेना भी काफी मजबूत हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications