Nobel Prize 2022: एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर को Physics का नोबेल
2022 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर को दिया गया है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार को इस पुरस्कार की घोषणा की।
स्टॉकहोम, 04 अक्टूबरः भौतिकी के क्षेत्र में 2022 के नोबेल पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है। इस बार संयुक्त रूप से एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर को एंगेज्ड फोटॉनों के साथ प्रयोगों के लिए, बेल असमानताओं के उल्लंघन को स्थापित करने और क्वांटम सूचना विज्ञान में नई तकनीक लाने के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। एलेन एस्पेक्ट फ्रांस के भौतिक विज्ञानी हैं, जबकि जॉन ए.क्लॉसर अमेरिका और एंटोन जिलिंगर का संबंध ऑस्ट्रिया से है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार को इस पुरस्कार की घोषणा की।

साल 2021 में भी भौतिकी के क्षेत्र में संयुक्त रूप से तीन वैज्ञानिकों को ही नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस पुरस्कार को हासिल करने के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस में खुशी जताते हुए एंटोन जिलिंगर ने कहा कि यह पुरस्कार युवा लोगों के लिए एक प्रोत्साहन है। उन्होंने कहा कि यह अवार्ड उन 100 से भी अधिक युवाओं के बिना संभव नहीं हो पाता जिन्होंने कई वर्षों से उनके साथ काम किया है।
इससे पहले कल सोमवार को चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार दिया गया था। स्वीडिश वैज्ञानिक स्वांते पैबो को यह सम्मान दिया गया। उन्हें यह पुरस्कार मानव के क्रमिक विकास पर खोज के लिए उन्हें दिया गया। पैबो ने आधुनिक मानव और विलुप्त प्रजातियों के जीनोम की तुलना कर बताया कि इनमें आपसी मिश्रण है। अगला पुरस्कार बुधवार को रसायन विज्ञान और बृहस्पतिवार को साहित्य के क्षेत्र में दिया जाएगा। वहीं, नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पुरस्कार की घोषणा 10 अक्तूबर को की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications