'कोरोना से एक बार ठीक हो चुके मरीज भी सेफ नहीं' वाले Tweet को WHO ने क्यों किया डिलीट?
नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को कहा था कि ऐसा कोई साक्ष्य या स्टडी नहीं है जो ये साबित करे कि कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके व्यक्ति को दोबारा संक्रमण नहीं होगा। डब्ल्यूएचओ ने ये बात प्रचलित हो रही उस थ्योरी को लेकर कही थी, जिसमें कहा जा रहा है कि जो लोग एक बार कोरोना से ठीक हो गए हैं, उनके शरीर ने इससे लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर ली है, वे सुरक्षित हैं और दूसरी बार उनके संक्रमित होने की संभावना नहीं है। डब्ल्यूएचओ ने इस बारे में एक ट्वीट किया था कि ऐसे लोगों को जोखिम मुक्त नहीं कहा जा सकता है।

WHO ने डिलीट किया अपना Tweet
लेकिन इसके तुरंत बाद ही WHO के इसी ट्वीट को कोट करते हुए अमेरिका की यूनिवर्सिटी और मैरीलैंड में इन्फेक्शियस डिलीजेज के चीफ फहीम यूनुस ने कहा कि लोगों को बेवजह डराने की जरूरत नहीं है, वायरल इन्फेक्शन से पूरी तरह रिकवर होने वाले मरीज आमतौर पर इम्यून हो जाते हैं। यह इम्यूनिटी महीनों से लेकर सालों तक चल सकती है, डॉक्टर के इस ट्वीट के कुछ देर बाद ही WHO ने अपना ट्ववीट डिलीट कर दिया।
डॉ. यूनुस ने Twitter पर लिखी ये बात
डॉ. यूनुस ने COVID मरीजों के फिर से पॉजिटिव मिलने की दो वजहें भी गिनाई। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पहले हुआ टेस्ट गलत हो। एक वजह ये भी हो सकती है कि टेस्ट में मृत वायरल RNA पिक हुआ हो, कोई एक्टिव बीमारी ना हो।

कोई वैक्सीन और कोई दवा नहीं बनी अभी तक
गौरतलब है कि चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में तेजी से बढ़ता जा रहा है। फिलहाल अभी तक इसकी कोई वैक्सीन और दवा नहीं बन पाई है। जिस वजह से दुनियाभर में दो लाख से ज्यादा लोगों की जान इस महामारी की वजह से गई है। वहीं दुनियाभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 30 लाख तक पहुंचने वाली है। मौजूदा वक्त में अमेरिका इस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं भारत में लॉकडाउन के बाद भी आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है।

भारत में पिछले 24 घंटों में 1990 नए मामले सामने आए
ताजा अपडेट की बात करें तो भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 26498 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 1990 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 49 लोगों की मौत हो गई है। भारत में अबतक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 824 तक पहुंच गई है। जबकि 5804 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट गए हैं तो वहीं कोविड 19 की वजह से अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 2,494 लोगों की मौत हुई है, जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय द्वारा शनिवार रात को बताए गए आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में अब तक मरने वालों आंकड़ा 53,511 के पार पहुंच गया है। कोरोना संक्रमित रोगियों एवं उससे मौत के मामले संयुक्त राज्य अमेरिका अभी शीर्ष पर बना हुआ है। उसने स्पेन और इटली को पीछे कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications