डोनाल्ड ट्रंप चुनाव नहीं लड़े, फिर भी बुरी तरह हारी निक्की हेली, किसी ने नहीं सोचा था कि मिलेगी ऐसी करारी हार
US Presidential Election 2024: अमेरिका में इसी साल 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। देश में राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी की उम्मीदावरी हासिल करने के लिए अभियान शुरू है। इसी क्रम में रिपब्लिकन पार्टी में उम्मीदवारी की दौड़ में निक्की हेली को नेवादा में शर्मनाक परिणाम का सामना करना पड़ा है।
आयोवा व न्यू हैंपशायर के बाद नेवादा में भी निक्की हेली को हार नसीब हुई है। आपको बता दें कि इस बार नेवादा प्राइमरी में ट्रंप नहीं लड़ रहे थे। ट्रंप ने नेवादा कॉकस में शामिल होने का ऐलान किया था जो कि 8 फरवरी को होना है। ट्रंप के न होने का भी फायदा निक्की हेली नहीं उठा सकीं और जीत के लिए जरूरी 50 फीसदी मत हासिल नहीं कर सकीं।

नेवादा में मंगलवार को हुए प्राइमरी चुनाव में निक्की से अधिक वोट ''इनमें से कोई नहीं'' के पक्ष में पड़े। चुनाव में निक्की हेली को 32.5 फीसदी वोट मिले जबकि 61.2 फीसदी लोगों ने 'इनमें से कोई भी उम्मीदवार नहीं' को चुनाव। इस परिणाम को प्रतीकात्मक रूप से निक्की की हार माना जा रहा है।
वहीं राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार को 90 फीसदी वोट प्राप्त करके नेवादा के डेमोक्रेटिक प्राइमरी में जीत हासिल की। बाइडेन द्वारा शनिवार को दक्षिण कैरोलिना में 96 फीसदी वोटों के साथ जीत हासिल करने के बाद यह उनकी दूसरी जीत है। इस जीत के साथ ही ये लगभग तय हो गया है कि 2024 का चुनाव बाइडेन और ट्रंप के बीच लड़ा जाएगा।
अगली जीओपी प्राइमरी 24 फरवरी को हेली के गृह राज्य दक्षिण कैरोलिना में होगी। अधिकांश दक्षिण कैरोलिना चुनावों में ट्रम्प को भारी समर्थन मिला है, भले ही यह राज्य हेली का गृह क्षेत्र है। हेली को आयोवा कॉकस में ट्रंप के 51 फीसदी के मुकाबले 19 फीसदी और न्यू हैम्पशायर में 54 फीसदी के मुकाबले से 43 फीसदी वोट मिले थे।
लगातार 2 हार के बाद हेली ने कम से कम अपने गृह राज्य साउथ कैरोलिना प्राइमरी तक प्रतियोगिता में बने रहने की बात कही है। उन्हें उम्मीद है कि वो अपने गृह राज्य में बेहतर कर सकेंगी हालांकि नेवादा परिणाम ने इस संभावना पर ग्रहण लगा दिया है।
हालांकि निक्की हेली के अभियान ने मंगलवार को दावा किया कि उसने नेवादा में कोई बड़ा अभियान नहीं चलाया क्योंकि दौड़ अंततः डोनाल्ड ट्रम्प के लिए निर्धारित की गई थी, जो गुरुवार को जीओपी कॉकस में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। हेली की टीम ने कहा कि वे दक्षिण कैरोलिना और उससे आगे के चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications