NIA ने लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले का CCTV फुटेज किया जारी, जानकारी देने वाली की पहचान रखी जाएगी गुप्त
खालिस्तान समर्थकों द्वारा 19 मार्च को लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले के ताजा अपडेट में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को हमले के पांच सीसीटीवी फुटेज जारी किए और दोषियों की पहचान करने में जनता से मदद मांगी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आम जनता से लंदन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तानी तत्वों द्वारा 19 मार्च के हमले से जुड़ी जानकारी देने की अपील की है।
NIA ने अपराधियों की पहचान करने में मदद करने के लिए सोमवार को खालिस्तानी समर्थकों द्वारा लंदन में भारतीय उच्चायोग पर किए गए हमले के सीसीटीवी फुटेज को जारी किया है।

NIA ने एक बयान में कहा कि वीडियो फुटेज में उपद्रव कर रहे व्यक्तियों की जानकारी देने पर उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
इस साल 19 मार्च को अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई के विरोध में खालिस्तान समर्थकों की भीड़ ने भारतीय उच्चायोग पर हमला कर दिया था। इस दौरान खालिस्तान समर्थकों ने तिरंगे का अपमान किया और परिसर में तोड़फोड़ भी की।
इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए थे। बताया जाता है कि घटना के समय भारतीय उच्चायोग के बाहर सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र थी जिसके कारण हमलावर घटना को आसानी से अंजाम दे सके। हमलावरों की संख्या 50 के करीब बताई गई।
इस घटना के बाद भारत ने इसका विरोध दर्ज कराने के लिए ब्रिटेन के वरिष्ठतम राजनयिक को तलब किया था। विदेश मंत्रालय ने घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मियों की कमी का जिक्र किया और इसे लेकर ब्रिटिश उच्चायुक्त से स्पष्टीकरण भी मांगा।
भारत सरकार ने कहा कि यह विएना कन्वेंशन का भी उल्लंघन है। सरकार ने ब्रिटिश उच्चायुक्त से घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इसी क्रम में लंदन उच्चायोग पर हुए हमले की एक FIR दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई थी, लेकिन 23 मार्च 2023 को यह मामला NIA ने अपने हाथों में ले लिया था। 20 दिन पहले NIA की 5 सदस्य टीम लंदन पहुंची थी।
इस दौरान NIA ने घटना का विवरण, CCTV फुटेज आदि जैसी जानकारियां इकट्ठी की। इसके अलावा टीम ने अपराध स्थल का दौरा भी किया और उच्चायोग के कर्मचारियों के अलावा दो उन कर्मचारियों के बयान भी लिया, जो घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications