इमरान के सीन से हटते ही चूहे-बिल्ली की तरह शुरू हुई लड़ाई, बिलावल भुट्टो ने नवाज शरीफ को कर दिया चैलेंज
पाकिस्तान में अगले साल 8 फरवरी को चुनाव के ऐलान के बाद देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक बड़ा बयान दिया है।
बिलावल भुट्टो ने पूर्व पीएम नवाज शरीफ पर निशाना साधते हुए कहा है कि पाकिस्तान का अगला प्रधानमंत्री लाहौर से नहीं होगा। इस बयान के साथ ही बिलावल भुट्टो ने कहा है कि अगले आम चुनाव में पीपीपी 'अपने दम पर' चुनाव लड़ेगी।

जियो न्यूज के अनुसार, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री भुट्टो जरदारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पीपीपी को आगामी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए किसी और की मदद लेने की आवश्यकता नहीं है।
बिलावल भुट्टो ने संवाददाताओं से कहा, 'जब चुनाव की बात आती है, तो हम (पीपीपी) केवल पाकिस्तान के लोगों से मदद मांगते हैं। हम किसी और से कोई उम्मीद नहीं करते। प्रधानमंत्री केवल वही व्यक्ति बनेगा, जिसे पाकिस्तान के लोग चुनेंगे और मेरा मानना है कि इस बार देश का प्रधानमंत्री लाहौर से नहीं होगा।'
बिलावल भुट्टो ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब पीपीपी ने रविवार को सिंध के 14 जिलों में हुए उपचुनावों में बड़ी जीत हासिल की। बिलावल भुट्टो ने कहा कि 'लोगों ने साबित कर दिया है कि वह पीपीपी के साथ हैं और अगर हमारे विरोधी एकजुट भी हो जाएं तो वह पीपीपी को नहीं हरा पाएंगे।'
बिलावल भुट्टो ने स्थानीय चुनाव में जीत पर पार्टी नेताओं को बधाई दी और साथ ही उन्होंने आगामी आम चुनाव की तैयारियों में पूरे जोर-शोर से जुटने की अपील की।
इस बीच नवाज शरीफ की पीएमएल-एन और मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) ने मंगलवार को घोषणा की कि वे 8 फरवरी को होने वाले आम चुनाव एक साथ लड़ेंगे।
यह एलान तब किया गया था जब पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बीच फोन पर बातचीत हुई और राजनीतिक स्थिति व अन्य चीजों पर चर्चा हुई।












Click it and Unblock the Notifications