लाइव थीं न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा, अचानक आ गई उनकी तीन साल की बेटी, वीडियो वायरल
चंडीगढ़, 10 नवंबर: न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न दुनिया के लोकप्रिय नेताओं में गिनी जाती हैं। उनको सहजता के साथ लोगों के मिलने और बात करने के लिए भी जाना जाता है। वो सोशल मीडिया के जरिए भी देश के लोगों के साथ अपनी बात रखती हैं। इस सोमवार (8 नवंबर) को जेसिंडा अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव आकर कोरोना पर बात कर रही थीं कि इसी दौरान उनकी तीन साल की बेटी जाग गईं। इसके बाद मां बेटी के बीच जो बातचीत हुई, वो दुनियाभर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

कोरोना पर कर रही थीं बात
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न अपने घर से ही फेसबुक पर लाइव होकर कोरोना वायरस की स्थिति पर जानकारी दे रही थीं। वो कोरोना की रोकथाम के लिए कदमो और प्रतिबंधों को लेकर बात कर रही थीं। बात काफी गंभीरता से हो रही थी कि तभी उनकी बेटी जाग गई और उसने जोर से आवाज लगाई मम्मी...?

पीएम बोलीं- आप बेटी आप प्लीज बेड पर जाओ
जेसिंडा अर्डर्न को जैसे ही बेटी की आवाज आई तो वो मुस्कुराए बिना नहीं रह सकीं। इसके बाद उन्होंने अपने साथ लाइव में जुड़े लोगों को सॉरी बोलते हुए बेटी से कहा कि आप जाग रही हैं, आपको तो सो जाना चाहिए था। इस पर बेटी ने नो कहा तो जेसिंडा ने कहा कि बेटी आप प्लीज बेड पर चलिए। मैं बस दो मिनट में आ रही हूं।
जेसिंडा बोलीं- बच्चे बार-बार जागते हैं
न्यूजीलैंड पीएम इसके बाद कहती हैं कि मुझे लगा था कि ये फेसबुक लाइव के लिए अच्छा वक्त है। क्या किसी और के बच्चे सोने के बाद तीन-चार बार जागते हैं? इसके बाद जेसिंडा ने कहा कि बेटी बार-बार बुला रही है और मैंने ज्यादातर बातें भी कर ली हैं तो अब मैं आपसे इजाजत चाहती हूं। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हैं।

2018 में दिया था बेटी को जन्म
जेसिंडा ने अक्तूबर, 2017 में न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री का पद संभाला था, तब से वो इस पद पर हैं। जेसिंडा अर्डर्न ने 21 जून 2018 में बेटी को जन्म दिया था। उनकी बेटी का नाम नीव ते अरोहा अर्डन गेफॉर्ड है। पीएम पद पर रहते अपने हुए बच्चे को जन्म देने वाली जेंसिंडा दूसरी प्रधानमंत्री हैं। 1990 में पाकिस्तान की पीएम रहते हुए बेनजीर भुट्टो ने बच्चे को जन्म दिया था।












Click it and Unblock the Notifications