Nepal Plane Crash: भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
नेपाल के पोखरा में रविवार को एक प्लेन क्रैश हो गया। जिसके बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भारतीय दूतावास ने इसको लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है।

नेपाल के पोखरा में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां यति एयरलाइंस का विमान हादसे का शिकार हो गया। इस विमान में 68 यात्रियों समेत कुल 72 लोग सवार थे। घटना के तुरंत बाद वहां बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस प्लेन में 5 भारतीय यात्री भी सवार बताए जा रहे, ऐसे में काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है।
दूतावास के अधिकारियों के मुताबिक वो लगातार नेपाली प्रशासन के संपर्क में हैं। घटना के बाद चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर रखी जा रही, जो भी जरूरत पड़ेगी वो भारत की ओर से तुरंत उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जो कुछ इस तरह है-
काठमांडू: दिवाकर शर्मा:+977-9851107021
पोखरा: ले. कर्नल शशांक त्रिपाठी: +977-9856037699
11 विदेशी नागरिक थे सवार
नेपाली प्रशासन के मुताबिक विमान में 53 नेपाली, पांच भारतीय, चार रूसी, एक आयरिश नागरिक, दो कोरियाई, एक अर्जेंटीना और एक फ्रांसीसी नागरिक सवार थे। सभी देशों के दूतावास को सूचित कर दिया गया है। साथ ही उनको अपडेट दिया जा रहा।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा कि ये प्लेन पोखरा एयरपोर्ट पर लैंड करने से 10 सेकेंड पहले ही क्रैश हुआ। इस एयरपोर्ट का निर्माण पिछले साल पूरा हुआ था, जिसके बाद 1 जनवरी 2023 को नेपाली प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने इसका उद्घाटन किया। खास बात ये है कि नेपाल ने इस एयरपोर्ट को चीन की मदद से तैयार किया था। उद्घाटन के बाद कुछ डेमो फ्लाइट भी हुई थीं, जो पूरी तरह से सफल रहीं।
5 सदस्यीय टीम को सौंपी गई जांच
घटना के तुंरत बाद नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपनी कैबिनेट का आपात बैठक बुलाई। इसके साथ ही वहां पर एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। वहीं इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी का गठन हुआ, जो जल्द अपनी रिपोर्ट नेपाली सरकार को सौंपेगी। अभी हादसे की सही वजह का पता नहीं चल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications