Nepal: नेपाल के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव दर्ज
नई दिल्ली, 13 फरवरी: नेपाल के मुख्य न्यायाधीश चोलेंद्र शमशेर जेबी राणा की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जहां संसद में उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाया गया। उन पर आचार संहिता के उल्लंघन समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में नेपाली संसद अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार ने कहा कि सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस, माओवादी केंद्र और जनता समाजवादी पार्टी के सांसदों ने मुख्य न्यायाधीश चोलेंद्र शमशेर जेबी राणा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव दर्ज किया है।

नेपाली मीडिया के मुताबिक सांसदों का मानना है कि मुख्य न्यायाधीश ने आचार संहिता का उल्लंघन किया। इसके अलावा वो न्यायालय में न्यायिक माहौल बनाने में विफल रहे। जिस वजह से अब महाभियोग की कार्यवाही की जा रही है। मामले में संसद के एक सदस्य ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ आए महाभियोग पर अब तक 100 से ज्यादा सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। इस कार्रवाई की मांग लंबे वक्त से देश में उठ रही थी।
इस्तीफा देने से किया था इनकार
आरोप है कि चोलेंद्र शमशेर राणा ने शेर बहादुर देउबा के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में अपने बहनोई की सीट पक्की करने में मदद की। इससे नेपाल में बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया था। इसके बाद उनके इस्तीफे की मांग की गई, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। जिस पर कई न्यायाधीश उनके खिलाफ खड़े हो गए। उस दौरान वकील ने भी कार्य बहिष्कार का फैसला किया था। हालांकि मुख्य न्यायाधीश झुके नहीं, जिस वजह से अब उनके खिलाफ महाभियोग चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications