नेपाल में बालेन शाह का बड़ा एक्शन! पूर्व PM के बाद ऊर्जा मंत्री गिरफ्तार, घर से क्या-क्या मिला?
नेपाल की राजनीति में भ्रष्टाचार के खिलाफ बालेन शाह सरकार (Balen Government) का हंटर लगातार चल रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व गृहमंत्री के बाद अब बारी आई है नेपाली कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का की। रविवार सुबह नेपाल के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (CIB) ने उन्हें हिरासत में ले लिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
दीपक खड़का की यह गिरफ्तारी काठमांडू में एक पुराने जमीन घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए सार्वजनिक और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया था। इसके अलावा, उन पर मनी लॉन्ड्रिंग के तहत भी जांच चल रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इस घोटाले के तार बहुत गहरे जुड़े हुए हैं।

पुलिस ने दीपक खड़का को क्यों किया गिरफ्तार?
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, CIB के प्रमुख, अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक मनोज केसी ने बताया कि खड़का को रविवार सुबह बुढानीलकंठ से हिरासत में लिया गया। मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग ने इससे पहले पुलिस मुख्यालय को एक पत्र भेजकर खड़का के खिलाफ जांच की मांग की थी। इस अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने उन्हें आगे की जांच के लिए हिरासत में ले लिया।
भूमि के कथित गबन में भी शामिल होने का आरोप
ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री के रूप में कार्य करते समय खड़का विवादों में घिर गए थे, विशेष रूप से पनबिजली परियोजनाओं के लिए लाइसेंस जारी करने और ठेके देने के मामलों में। उन पर परियोजनाओं के लिए लाइसेंस और ठेके दिलाने के बदले आर्थिक लाभ लेने का आरोप था। कथित तौर पर ये सौदे मंत्री के आवास और मंत्रालय परिसर के भीतर से ही किए गए थे। हालांकि, उनके खिलाफ कोई जांच नहीं की गई थी। खड़का पर लैंचौर में नेपाल स्काउट्स से संबंधित भूमि के कथित गबन में भी शामिल होने का आरोप था।
दीपक खड़का के घर से क्या-क्या मिला?
खड़का की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब जेन-जी (Gen-Z) विरोध प्रदर्शनों के दौरान उनके आवास पर छापेमारी की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां से न केवल भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, बल्कि जले हुए नोटों के अवशेष भी मिले थे। फॉरेंसिक जांच में इन अवशेषों की पुष्टि होने के बाद बालेन प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया है।
कौन हैं दीपक खड़का?
दीपक खड़का केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक बड़े बिजनेस टाइकून भी हैं। काठमांडू के बूढानीलकण्ठ में उनका एक आलीशान फाइव स्टार रिसोर्ट है, जिसे 'हॉलिडे इन ग्रुप' मैनेज करता है। दिलचस्प बात यह है कि खड़का को पूर्व पीएम शेर बहादुर देउवा का बेहद करीबी माना जाता है और वे देउवा की पत्नी डॉ. आरजू राणा के बिजनेस पार्टनर भी रहे हैं। इतनी ऊंची पहुंच के बावजूद बालेन शाह की कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार के मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications