Nepal Flood Alert: 'लेंडे नदी की झील कभी भी टूट सकती है',चीन की चेतावनी से नेपाल टेंशन में, कितना बड़ा खतरा?
Nepal Flood Alert: नेपाल अभी हालिया बाढ़ की तबाही से उबर भी नहीं पाया है कि एक और खतरे ने चिंता बढ़ा दी है। लेंडे नदी तंत्र के ऊपरी हिस्से में बनी एक अस्थायी झील को लेकर चीन ने नेपाल को अलर्ट किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन ने बताया है कि झील के पानी का रंग लगातार गहरा हो रहा है। इसे संभावित खतरे का संकेत माना जा रहा है।
चिंता इसलिए ज्यादा है क्योंकि अगर इस झील को रोकने वाला प्राकृतिक बांध टूटता है, तो नीचे की तरफ पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है। चीन के आकलन में नदी का अधिकतम डिस्चार्ज 500 घन मीटर प्रति सेकंड तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। नेपाल बाढ़ में अब तक 626 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं तिब्बत में भी 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। एक हजार से ज्यादा लोग लापता हैं, जिसमें 300 से ज्यादा भारतीय हैं।

Lende River Lake Warning: आखिर झील बनी कैसे?
यह कहानी हालिया फ्लैश फ्लड से शुरू होती है। नेपाल और तिब्बत के पहाड़ी इलाके में ग्लेशियर टूटने के बाद बड़ी मात्रा में बर्फ, पत्थर और मलबा नीचे आया। इस मलबे ने नदी का रासता रोक दिया। नदी का रास्ता रुकने से पानी पीछे जमा होने लगा। धीरे-धीरे यहां एक प्राकृतिक बांध और उसके पीछे अस्थायी झील बन गई। यही झील अब नेपाल और चीन के लिए चिंता की वजह बनी हुई है।
यह झील चीन की तरफ बहने वाली चोचेन नदी और नेपाल की तरफ आने वाली पुरेपु नदी के संगम के पास बनी है। यानी इसका असर सिर्फ सीमा के एक तरफ तक सीमित न हीं रह सकता।चीन के जल संसाधन मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, झील में पानी लगातार बढ़ रहा था।
28 अगस्त तक इसमें करीब 25 लाख घन मीटर पानी जमा हो का था। खतरे को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन और सैटेलाइट तस्वीरों का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।
पानी का रंग गहरा होना क्यों चिंता की बात?
चीन की तरफ से नेपाल को भेजी गई जानकारी में झील के पानी का रंग गहरा होने की बात कही गई है। इसे झील की स्थिति में बदलाव का संभावित संकेत माना गया है। सीधी भाषा में समझें तो पहाड़ों में बनी ऐसी झीलों में पानी और मलबे का दबाव बढ़ने पर प्राकृतिक बांध कमजोर हो सकता है।
अगर यह रुकावट अचानक टूटती है, तो जमा पानी तेजी से नीचे की तरफ जा सकता है। हालांकि झील का रंग बदलना अपने आप में बांध टूटने की पक्की भविष्यवाणी नहीं है। असली खतरा पानी के स्तर, बांध की मजबूती और बहाव की लगातार निगरानी से तय होगा।
झील टूटी तो क्या होगा?
चीन ने संभावित स्थिति को समझने के लिए बाढ़ का मॉडल तैयार किया है। प्राकृतिक बांध टूटने की स्थिति में नदी तंत्र में पानी का अधिकतम बहाव 500 घन मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच सकता है।
लेकिन यहां एक राहत वाली बात भी है। चीनी आकलन के मुताबिक, अगर बांध का कुछ हिस्सा टूटता भी है, तो पानी के नदी के चैनल के भीतर रहने की संभावना बताई गई है। यानी अचानक जलस्तर बढ़ सकता है, लेकिन बड़े पैमाने पर पानी के नदी से बाहर फैलने का खतरा कम आंका गया है।
झील का पानी लेंडे खोला और त्रिशूली नदी की तरफ बहना शुरू हो गया था। दोपहर तक स्थिति को संभालने लायक बताया गया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि खतरा पूरी तरह खत्म हो गया। पहाड़ी इलाकों में पानी का स्तर और मलबे से बने प्राकृतिक बांध की स्थिति तेजी से बदल सकती है। इसलिए निगरानी लगातार जारी रखना जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications
