Nepal Earthquake: भूकंप से भारी तबाही के बीच फिर डोली नेपाली धरती, लोगों की अटकीं सांसें, मचा हड़कंप
Nepal Earthquake: नेपाल में शुक्रवार देर रात आए भूकंप से भारी तबाही के बीच रविवार तड़के फिर धरती डोली। नेपाल की राजधानी काठमांडू से 169 किलो मीटर उत्तर-पश्चिम इलाके में फिर से भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर 3.6 तीव्रता मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र ने बताया कि नेपाल में तबाही के बीच नेपाल में फिर से भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
दोबारा भूकंप आने से लोगों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। अपने घर से लोग नीचे उतर गए। गनीमत है कि तीव्रता अधिक नहीं रही। नहीं तो फिर भारी तबाही हो सकती थी। फिलहाल अभी महसूस किए गए झटके से किसी तरह की जान-माल की क्षति की जानकारी नहीं है।

वहीं, दूसरी तरफ अफगानिस्तान में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अफगानिस्तान के 328 किलो मीटर उत्तर-पूर्व फैजाबाद में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर 4.5 तीव्रता मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र ने बताया कि फैजाबाद में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। लोगों में डर का माहौल हो गया।
बता दें कि नेपाल में शुक्रवार रात आए भूकंप से 150 से अधिक लोगों की जान चली गई। 5.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। आशंका है कि अभी भी दर्जनों लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भूकंप का केंद्र नेपाल का जाजरकोट जिला बताया गया। जहां भूकंप की वजह से 92 लोगों की मौत हो गई और 55 अन्य घायल हो गए हैं।
भूकंप से पड़ोसी रुकुम जिले में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई है, और कम से कम 85 घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। नेपालगंज शहर के क्षेत्रीय अस्पताल में 100 से ज्यादा बिस्तर अस्पताल में उपलब्ध कराए गए हैं और डॉक्टरों की टीमें घायलों की मदद के लिए खड़ी हैं। इस बीच भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। भारत ने जो नंबर जारी किया है वो है +977-9851316807। आपातकालीन राहत पाने के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications