आज पाकिस्तान आ रहे नवाज शरीफ, रैली में भीड़ जुटाने के लिए जनता को हूरों के सपने दिखा रही PML-N
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सऊदी अरब के जेद्दा से दुबई पहुंच गये हैं। यहां शरीफ कुछ चुनिंदा लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। वह आज शनिवार को पाकिस्तान पहुंचेंगे। लाहौर में नवाज शरीफ के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
नवाज शरीफ शनिवार शाम को लाहौर स्थित मीनार-ए-पाकिस्तान में अपनी पार्टी 'पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज' (पीएमएल-एन) द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इसके लिए कम से कम 10 हजार लोगों को लाने का प्रयास किया जा रहा है।

इससे पहले पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब सरकार को पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की जान पर संभावित खतरे को लेकर चेतावनी दी है। इस बीच पंजाब के गृह विभाग ने शुक्रवार को कहा कि 73 वर्षीय नवाज शरीफ की जान पर 'खतरा' है।
पंजाब के गृह विभाग ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से खतरे की सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस को ' हाई अलर्ट ' किया गया है।
इस बीच पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी के सर्वोच्च नेता नवाज शरीफ के स्वागत के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लाहौर की यात्रा शुरू कर दी है। नवाज शरीफ 150 लोगों के साथ चार्टर्ड विमान से पाकिस्तान आ रहे हैं।
इस बीच नवाज शरीफ के छोटे भाई एवं पीएमएल-एन अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने पार्टी नेताओं को पूर्व प्रधानमंत्री का ''ऐतिहासिक स्वागत'' करने को कहा है।

पीएमएल-एन ने नवाज शरीफ के आगमन पर साढ़े तीन घंटे तक लाहौर में पुष्प बरसाने के लिए दो छोटे विमानों पर किराये पर लिया है।
पीएमएल-एन ने मीनार-ए-पाकिस्तान में नवाज शरीफ की राजनीतिक रैली में कार्यकर्ताओं के भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में स्पेशल ट्रेनें बुक की हैं। इसके लिए बलूचिस्तान से दो ट्रेनें, एक नसीराबाद से और एक क्वेटा से, लाहौर के लिए रवाना हो गई हैं।
इन विशेष ट्रेनों को पार्टी नेताओं की तस्वीरों और झंडों से सजाया गया है। पूर्व गवर्नर मोहम्मद जुबैर ने दावा किया कि इससे पहले किसी राजनीतिक रैली के लिए सिंध से इतनी बड़ी संख्या में लोग नहीं आए थे।
लोगों को रैली तक लाने के पीएमएलएन के नेता हवाई दावे कर रहे हैं। एक वरिष्ठ पीएमएल-एन नेता ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि यदि वे मीनार-ए-पाकिस्तान रैली में शिरकत करते हैं तो उन्हें जन्नत नसीब होगी।
इस बीच, पीएमएल-एन सिंध के अध्यक्ष शाह मुहम्मद शाह के नेतृत्व में एक और विशेष ट्रेन आज दोपहर 3 बजे हैदराबाद से रवाना होगी।
आजाद जम्मू-कश्मीर के मुजफ्फराबाद से डॉ. मुस्तफा बशीर के नेतृत्व में लाहौर पहुंचने के लिए एक काफिला भी रवाना हुआ है। बशीर ने दावा किया कि मेगा रैली के लिए 10,000 से अधिक कश्मीरी मीनार-ए-पाकिस्तान में होंगे।
उनकी वापसी पाकिस्तानी राजनीति में एक बड़ी घटना होने की उम्मीद है, उनके समर्थक और आलोचक दोनों उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
उनके समर्थक उन्हें एक मसीहा के रूप में देखते हैं जो देश को मौजूदा आर्थिक और राजनीतिक संकटों से बाहर निकाल सकता है, जबकि दूसरी ओर, उनके आलोचक उन पर भ्रष्ट होने और पद संभालने के लिए अयोग्य होने का आरोप लगाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications