Psyche 16: हर इंसान को अरबपति बना सकता है ये एस्टेरॉयड, NASA उसके पास भेज रहा अपना यान
अंतरिक्ष में एक ऐसा एस्टेरॉयड है, जो अगर पृथ्वी पर आ गया तो हर इंसान अरबपति बन जाएगा। उस पर अब अमेरिका की नजर है, ऐसे में वहां की स्पेस एजेंसी नासा इसके लिए एक मिशन तैयार कर रही, जो उड़ान के लिए तैयार है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नासा का साइकी मिशन पूरी तरह से तैयार है। अंतरिक्ष यान 5 अक्टूबर को फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरेगा। नासा के मुताबिक इस एस्टेरॉयड को पृथ्वी पर लाने की कोई योजना नहीं है, बस यान की मदद से उसका अध्ययन किया जाएगा।

नासा के मुताबिक एक बार जब अंतरिक्ष यान मंगल और बृहस्पति के बीच मुख्य एस्टेरॉयड बेल्ट में पहुंच जाएगा, तो ये उसकी परिक्रमा करना शुरू कर देगा। साथ ही वहां पर 26 महीने बिताएगा। इस मिशन में वो एस्टेरॉयड की फोटो, अन्य डेटा इकट्ठा करेगा, जो वैज्ञानिकों को उसकी बनावट समझने में मदद करेंगे।
यान में मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर, मैग्नेटोमीटर और गामा-रे और न्यूट्रॉन स्पेक्ट्रोमीटर लगा हुआ है। इसकी मदद से उसके आंतरिक भाग की भी जानकारी मिल पाएगी। साइकी के प्रोजेक्ट मैनेजर के मुताबिक वो इस मिशन को लेकर काफी उत्साहित हैं, लेकिन अभी वो बहुत ज्यादा खुश नहीं हैं। जब यान तय कक्षा में स्थापित होकर कम्यूनिकेशन स्थापित कर लेगा, तो वो खुशी जाहिर करेंगे।
कब हुई खोज?
इस एस्टेरॉयडका नाम Psyche 16 रखा गया है। वैज्ञानिकों ने इसे पहली बार 1852 में देखा था। तब से सभी इस पर रिसर्च के लिए उत्साहित हैं। इसकी हमारे ग्रह से दूरी 300 मिलियन मील दूर है। ये जगह मंगल और बृहस्पति के बीच की है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक Psyche 16 में निकल, सोना, लोहे जैसी कई अमूल्य धातुएं हैं। पृथ्वी पर इसकी अनुमानित कीमत 10,000 क्विंटिलियन डॉलर होगी। एक क्विंटिलियन 1,000,000,000,000,000,000 को कहा जाता है। ऐसे में इसकी कीमत इंसानों की सोच से कई गुना ज्यादा है। अगर इस राशि को धरती पर रहने वाले हर इंसान में बांट दें, तो सभी अरबपति हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications