अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से थोड़ी देर के लिए टूटा NASA का संपर्क, पहली बार बैकअप का इस्तेमाल
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का हाल में करीब डेढ़ घंटे के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से संपर्क टूट गया था। दरअसल, नासा के मिशन कंट्रोल सेंटर में थोड़ी देर के लिए बत्ती गुल हो गई थी, जिसके चलते 90 मिनट तक अंतरिक्ष स्टेशन के साथ संपर्क टूटा रहा।
ह्यूस्टन स्थित नासा के मिशन कंट्रोल सिस्टम में मंगलवार को सुबह पावर सिस्टम अपग्रेड करने के दौरान यह स्थिति बन गई। इसकी वजह से नासा के इतिहास में पहली बार यह नौबत आई कि पावर बैकअप सिस्टम का इस्तेमाल करना पड़ा, तब जाकर अंतरिक्ष यात्रियों से संपर्क स्थापित हो पाया।

अंतरिक्ष यात्रियों को 20 मिनट तक कुछ जानकारी नहीं मिली
वैसे इस दौरान अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों पर किसी तरह का खतरा नहीं था, लेकिन जमीन के साथ उनका संचार ठप जरूर हो गया था। आईएसएस पर अभी सात अंतरिक्ष यात्री हैं, जिन्हें 20 मिनट तक पता नहीं चला कि हुआ क्या है। लेकिन, बाद में रूसी सिस्टम से उन्हें हालात की जानकारी मिल पाई।
न कमांड भेजा जा सकता था और न ही आवाज- रिपोर्ट
वैसे बिजली कटने से नासा के मिशन कंट्रोल बिल्डिंग का सिर्फ पहला फ्लोर ही प्रभावित हुआ था। मंगलवार की घटना के बारे में इंडिपेंडेंट ने रिपोर्ट दी है कि इस वजह से 90 मिनट तक नासा अंतरिक्ष यात्रियों को धरती से न तो कोई कमांड भेज सका और न ही कोई आवाज। नासा के मुताबिक, 'करीब 9 बजे सुबह मिशन कंट्रोल ह्यूस्टन में बिजली की समस्या की वजह से जमीन से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक कमांड, टेलीमेट्री और आवाज नहीं भेजा जा सका।'
पहली बार बैकअप सिस्टम पर शुरू हो पाया संपर्क
कुल 90 मिनट तक बत्ती गुल रहने के बाद बैकअप कंट्रोल सिस्टम शुरू हो पाया। नासा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। जॉनशन स्पेश सेंटर के स्पेस स्टेशन प्रोग्राम मैनेजर जोएल मोंटालबानो ने कहा कि इस घटना से न ही अंतरिक्ष यात्रियों और न ही अंतरिक्ष स्टेशन के लिए किसी तरह का खतरा पैदा हुआ और 90 मिनट बाद जैसे ही बैकअप सिस्टम चालू हुआ सामान्य संपर्क कायम हो गया।
फ्लाइट कंट्रोलर नहीं हुआ प्रभावित
राहत की बात ये रही है कि बिजली कटने की वजह से फ्लाइट कंट्रोलर या नासा कर्मचारियों के रोटेटिंग क्रू पर किसी तरह का असर नहीं पड़ा, जो लगातार मिशन के मेन कंट्रोल रूम के कंसोल से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की निगरानी करते हैं।
सबक लेकर आगे बढ़ेंगे- स्पेस स्टेशन प्रोग्राम मैनेजर
द गार्जियन ने मोंटालबानो के हवाले से बताया है कि 'स्टेशन पर कोई दिक्कत नहीं थी। यह पूरी तरह से जमीनी समस्या थी। हम ठीक से समझेंगे कि क्या हुआ और फिर सबक लेकर आगे बढ़ेंगे।' उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि यहां काम चल रहा है और इसकी तैयारी के लिए हमारे पास बैकअप कमांड और कंट्रोल सिस्टम है, जो तब के लिए जब हमें मौसम की आपात स्थिति के लिए केंद्र को बंद करना होगा, विशेष रूप से तूफान के दौरान।'
ह्यूस्टन में नासा ने तूफान या अन्य आपदा वाली स्थिति के लिए एक बैकअप कंट्रोल सिस्टम तैयार कर रखा है, जो इन हालातों में मिशन कंट्रोल के लिए भी काम आता है और राहत और बचाव के लिए भी इस्तेमाल हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications