मोदी से बोले नेपाल के प्रधानमंत्री, नोटबंदी के दौरान बंद किए भारतीय नोटों को बदलें
काठमांडू। दो दिनो के नेपाल दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री खडग प्रसाद ओली ने शुक्रवार शाम को काठमांडू में अरुण-3 जल विद्युत परियोजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल से मेरा बहुत पुराना नाता रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री के रूप में नेपाल की यह मेरी तीसरी यात्रा है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के रूप में आया हूं, या फिर एक सामान्य नागरिक के रूप में, नेपाल के लोगों ने मुझे हमेशा अपना माना है, और परिवार के सदस्य की तरह मेरा स्वागत किया है।

मोदी ने इस दौरान कहा कि नेपाल के साथ भारत के रिश्ते हमेशा खास रहे हैं और ये आगे भी बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारत के लोग नेपाल के विकास में हमेशा उसके साथ खड़े हैं। वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री ने मोदी से कहा कि वे नेपाल की बैंकिग सिस्टम और नेपाली जनता के पास रखे नोटबंदी के दौरान बंद किए पुराने भारतीय नोटों को जल्द से जल्द बदलने की व्यवस्था करें।
नेपाल के प्रधानमंत्री खडग प्रसाद ओली ने कहा कि दूसरे देशों से रिश्ते और पड़ोसियों से रिश्तों में फर्क होता है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों से रिश्ते हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है। ओली ने कहा कि रेल लाइन, कृषि और दूसरे क्षेत्रों में हम मिलकर काम करेंगे और आगे बढ़ेगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के नेपाल दौरे पर गए हैं। शुक्रवार शाम पीएम मोदी की नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई। इससे पहले पीएम मोदी की नेपाल की राष्ट्रपति से मुलाकात हुई थी। बता दें, पीएम मोदी पहली बार साल 2014 में नेपाल गए थे। ये तीसरी बार है जब पीएम मोदी नेपाल गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications