रिश्तों का नया अध्याय शुरु करने नेपाल पहुंचे मोदी, जोरदार स्वागत के साथ 19 तोपों की सलामी

उनके आगमन पर नेपाल आर्मी ने उन्हें 'गार्ड ऑफ आनर' दिया और दोनों ही देशों का राष्ट्रगान बजाया गया। मोदी इसके बाद हयात होटल की ओर रवाना हुए, जहां उन्हें ठहरना है। नेपाल के विदेश मंत्री महेंद्र बहादुर पांडेय उन्हें आगे के कार्यक्रम की जानकारी देंगे। इधर, मोदी ने शनिवार को कहा था कि वह नेपाल दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह दौरा भारत सरकार की पड़ोसी देशों के साथ मजबूत संबंध बनाने की पहल का हिस्सा है। मोदी भूटान दौरे के दो सप्ताह बाद नेपाल की यात्रा कर रहे हैं।
मोदी को दी गई 19 तोपों की सलामी
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे जहां नरेन्द्र मोदी को 19 तोपों की सलामी दी गई। वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोईराला खुद एयरपोर्ट पर नरेन्द्र मोदी की अगवानी करने पहुंचे। नरेन्द्र मोदी का नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोईराला ने भव्य स्वागत किया। ऎसा पहली बार हुआ है जब नेपाल के किसी प्रधानमंत्री ने प्रोटोकॉल को तोड़कर किसी प्रधानमंत्री की आगवानी की है। गौरतलब है कि नरेन्द्र मोदी की यात्रा को लेकर नेपाल में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरा काठमांडू शहर मोदी की सुरक्षा के लिए छावनी में तब्दील हो गया है। पूरे काठमांडू में जगह-जगह भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बड़े-बड़े पोस्टर लगे हुए हैं। इससे पहले किसी भारतीय पीएम के लिए नेपाल में इतना उत्साह नहीं देखा है।












Click it and Unblock the Notifications