आसमान में गुब्बारे के बाद अब जापान के समंदर में दिखा विशालकाय गोला, बम निरोधक दस्ता कर रहा जांच
जापान के शिजुओका प्रांत के हमामात्सु शहर में समुद्र तट पर धातु की बनी एक रहस्यमय गेंद मिली है। इस आकार के किसी वस्तु को अभी तक सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है।

Image: Twitter/@aelzarka
जापान में समुंद्र तट पर एक विशालकाय गेंद तैरती मिली है। धातु की यह रहस्यमय गेंद जापान के शिजुओका प्रांत के हमामात्सु शहर के एंशु बीच पर बहते हुए मिली है। सबसे पहले एक स्थानीय महिला ने इस गोले को देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। यह पहली बार है जब किसी देश में ऐसी गेंद को समंदर में तैरते देखा गया है। प्रशासन ने मामले को देखते हुए इस बीच पर लोगों के जाने के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।
कैसी है यह रहस्यमय गेंद
एंशुहामा बीच पर जाने से लोगों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस गेंद की खोजबीन के लिए जापानी सेल्फ डिफेंस फोर्स के बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह अज्ञात वस्तु क्या है। देखने में यह समुद्री माइन की तरह लगती है, लेकिन इसका आकार सामान्य से काफी बड़ा है। मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक इस रहस्यमय गेंद का व्यास 1.5 मीटर (4.9 फीट) है। यह धातु से बनी हुई है, जिसके दोनों किनारों पर धातु के हुक भी लगे हुए गए हैं। इस गेंद पर जंग लगी हुई है ऐसे में माना जा रहा है कि ये लोहे से बनी है।
जापानी फोर्स जांच में जुटी
आशंका जताई जा रही है कि यह द्वितीय विश्व युद्ध का कोई बम हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक एक्स-रे स्कैन में यह खोखला दिखा है। यह सुनिश्चित होने पर कि यह एक विस्फोटक नहीं है शाम चार बजे बीच पर लोगों के जाने से प्रतिबंध हटा दिया गया। फिलहाल जापानी तटरक्षक बल और आर्म्ड फोर्स इस गेंदी की जांच में लगी हुई है। अभी तक घटना के बारे में आधिकारिक तौर पर और कोई जानकारी नहीं दी गई है।
अमेरिका के आसमान में दिखे थे गुब्बारे
जापान में आम लोगों के बीच इस रहस्यमय गोले की तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का मानना है कि यह दुश्मन देश की कोई चाल हो सकती है। हालांकि, इतने बड़े आकार के धातु के टुकड़े के समुद्र तट पर पहुंचने को लेकर कई तरह की थ्योरी भी दी जा रही है। हाल ही में अमेरिका सहित कई देशों के आसमान में चाइनीज गुब्बारे देखे गए हैं। इस विशालकाय गेंद को उससे भी जोड़कर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications