'हाहा इमोजी का इस्तेमाल इस्लाम के खिलाफ...' मौलवी ने जारी किया फतवा, तो लोगों ने दिया तगड़ा जवाब
नई दिल्ली, 24 जून: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश के प्रसिद्ध मुस्लिम मौलवी ने अब एक अजीबो-गरीब फतवा जारी किया है। जिसके मुताबिक लोग फेसबुक पर 'हाहा' इमोजी का इस्तेमाल ना करें, क्योंकि ये पूरी तरह से इस्लाम के खिलाफ है। वैसे तो उनके फॉलोवर्स इस बात को गंभीरता से लेते हुए उनका समर्थन कर रहे हैं, लेकिन विरोधियों ने उनको ट्रोल करना शुरू कर दिया है। साथ ही इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है।

टीवी पर भी आते हैं नजर
दरअसल मौलवी अहमदुल्ला के फेसबुक और यूट्यूब पर 3 मिलियन से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। इसके अलावा वो आए दिन नेशनल टीवी पर भी धार्मिक मुद्दों पर चर्चा करते नजर आते हैं। शनिवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तीन मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया, जो पूरी तरह से 'हाहा' इमोजी पर केंद्रित था। साथ ही उसे मुस्लिमों के लिए पूरी तरह से हराम बताया गया।

मजाक उड़ाना गलत
वीडियो में मौलवी ने कहा कि आजकल हम लोगों का मजाक उड़ाने के लिए फेसबुक के हाहा इमोजी का इस्तेमाल करते हैं। अगर आप इसका इस्तेमाल किसी पोस्ट पर आनंद (फन) लेने के लिए करते हैं और उसे पोस्ट करने वाले का भी इरादा आनंद लेने का रहता है, तो इसका इस्तेमाल ठीक है। अगर आपकी प्रतिक्रिया का उद्देश्य सोशल मीडिया पर पोस्ट करने या टिप्पणी करने वाले लोगों का मजाक उड़ाना है, तो ये इस्लाम में पूरी तरह से वर्जित है।

जवाब में मिल सकते हैं अपशब्द
उन्होंने आगे कहा कि अल्लाह के वास्ते मैं आपसे इस इमोजी से परहेज करने की अपील करता हूं। किसी भी शख्स का मजाक उड़ाने के लिए इसका इस्तेमाल हरगिज ना करें। इसके बदले में आपको सामने वाला अपशब्द या बुरी भाषा में जवाब दे सकता है। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

लोगों ने कही ये बात
उनके समर्थकों ने वादा किया कि वो किसी का मजाक उड़ाने के लिए 'हाहा' इमोजी का इस्तेमाल नहीं करेंगे, तो वहीं दूसरी ओर उनको ट्रोल करने वाले लोगों ने कमेंट सेक्शन में जाकर खूब 'हाहा' इमोजी बनाए। उनका कहना है कि सोशल मीडिया को धर्म से दूर रखना चाहिए। इमोजी का धर्म से कोई लेना-देना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications