दुनिया के टॉप-10 लग्जरी रियल एस्टेट बाजारों में शामिल हुआ मुंबई, जानें 10 लाख डॉलर में मिलेगी कितनी जगह?
Mumbai Real Estate Sector: किताबों में पढ़ाया गया है और बड़े बुजुर्गों ने बताया है, कि इंसानों की सबसे प्रमुख तीन जरूरतें होती हैं, रोटी, कपड़ा और मकान। लेकिन, बात अगर मुंबई शहर की करें, तो लाखों लोगों के लिए रोटी, कपड़ा और मकान एक सपना है।
नाइट फ्रैंक की द वेल्थ रिपोर्ट 2024 ने मुंबई को दुनिया के शीर्ष 10 लक्जरी रिएल एस्टेट बाजारों में स्थान दिया है, यानि मुंबई दुनिया के 10 सबसे महंगे घरों वाला शहर बन गया है। द वेल्थ रिपोर्ट 2024 की रिपोर्ट में मुंबई को आठवें स्थान पर रखा गया है, जबकि दिल्ली और बेंगलुरु को 37वें और 59वें स्थान पर रखा गया है।

इस रिपोर्ट में आइये जानते हैं, कि मुंबई का लक्जरी रियल एस्टेट बाजार कितना बढ़ गया है? और क्या ये डेवलपमेंट को बढ़ावा दे रहा है?
लक्जरी रियल एस्टेट रैंकिंग
मुंबई, जो भारत का सबसे बड़ा और सबसे महंगा लक्जरी रियल एस्टेट बाजार है, उसे नाइट फ्रैंक की द वेल्थ रिपोर्ट 2024 में आठवीं रैंक दी गई है। जबकि, 2022 की रिपोर्ट में मुंबई शहर को 37वें नंबर पर रखा गया था। यानि, पिछले दो सालों में मुंबई ने 29 पायदान की छलांग लगाई है।
रिपोर्ट में कहा गया है, कि मुंबई में 1 मिलियन डॉलर (8.24 करोड़ रुपये) से आपको 1,108 वर्ग फुट के आकार का रहने लायक जगह मिल सकेगा। हालांकि, मोनाको में, जिसने दुनिया के सबसे महंगे शहर के रूप में अपना दबदबा कायम रखा है, वहां 1 मिलियन डॉलर में आपको सिर्फ 172 वर्ग फुट जगह मिलेगी। इसी तरह, एक मिलियन डॉलर में हांगकांग में आपको 236 वर्ग फुट और सिंगापुर में 344 वर्ग फुट जगह मिलेगी।
दिल्ली के लक्जरी प्रॉपर्टी बाजार में भी वृद्धि देखी गई है और 2022 में 77वें स्थान की तुलना में उसे अब 37वें स्थान पर रखा गया है। 2023 में दिल्ली के प्रॉपर्टी बाजार में करीब 4.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, बेंगलुरु 63वें नंबर से अब 59वें स्थान पर पहुंचा है और 2022 के मुकाबले, बेंगलुरू के प्रॉपर्टी सेक्टर में 2.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में नाइट फ्रैंक इंडिया के सीएमडी शिशिर बैजल ने कहा, कि "लक्जरी आवासीय कीमतों में साल-दर-साल 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ मुंबई का विश्व स्तर पर आठवें स्थान पर पहुंचना, शहर की स्थायी अपील को रेखांकित करता है। जहां मुंबई ने PIRI 100 शहरों के बीच शीर्ष 10 लीग में प्रवेश किया, वहीं दिल्ली और बेंगलुरु ने भी अपनी रैंक में सुधार करके सकारात्मक गति का प्रदर्शन किया है।"
उन्होंने कहा कि कंपनी ने 2024 में 5.5 प्रतिशत प्राइम प्राइस ग्रोथ पूर्वानुमान के साथ मुंबई के उज्ज्वल भविष्य की भविष्यवाणी की है।
मुंबई के बड़े, बड़े रियल एस्टेट सौदे
लक्जरी रियल एस्टेट क्षेत्र में शहर के रैंक में भारी उछाल आने की वजह पिछले साल कई ऐसे प्रॉपर्टी की बिक्री रही है, जिसने इसके रैंकिंग में भारी उछाल लाया है। दरअसल, लिंक्डइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में ग्रेटर मुंबई में 38,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के करीब 3,000 नए लग्जरी अपार्टमेंट बेचे गए हैं, जिसने मुबई को सबसे महंगे आवासीय बाजार में बदल दिया है।
उदाहरण के लिए, मार्च 2023 में बजाज ऑटो के चेयरमैन, नीरज बजाज ने मुंबई के वॉकेश्वर क्षेत्र में 252 करोड़ रुपये में 18,000 वर्ग फुट का ट्रिपलएक्स खरीदा है। इससे पहले, पिछले साल फरवरी में वेलस्पन ग्रुप के चेयरमैन बी के गोयनका ने मुंबई के वर्ली में 240 करोड़ रुपये में 30,000 वर्ग फुट का पेंटहाउस खरीदा था। उस वक्त रियल एस्टेट रेटिंग और रिसर्च फर्म लियासेस फोरास के संस्थापक और एमडी पंकज कपूर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा था, "यह भारत में अब तक बेचा गया सबसे महंगा अपार्टमेंट है।"
वहीं, पिछले साल जुलाई में, बॉलीवुड फिल्म निर्माता और निर्देशक दिनेश विजान ने मुंबई के बांद्रा उपनगर में लगभग 7,800 वर्ग फुट में फैला एक लक्जरी डुप्लेक्स अपार्टमेंट लगभग 103 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईनॉक्स ग्रुप के प्रमोटर परिवार का हिस्सा सिद्धार्थ जैन ने भी वर्ली में समुद्र के नज़ारे वाले लक्ज़री क्वाड्रुप्लेक्स अपार्टमेंट के लिए 144 करोड़ रुपये खर्च किए।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से नवंबर 2023 तक, 1 करोड़ रुपये और उससे ज्यादा मूल्य की प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन की हिस्सेदारी 2022 में 54 प्रतिशत से बढ़कर 2023 में 57 प्रतिशत हो गई है।
पिछले साल की एक अन्य रिपोर्ट से पता चला है, कि पिछले साल नवंबर तक भारत में बेचे गए 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाले 58 अल्ट्रा-लक्जरी घरों में से 53 मुंबई से थे। एनारॉक की शोध रिपोर्ट से पता चला है, कि कम से कम तीन सौदे 200 करोड़ रुपये से ज्यादा के थे, जबकि सात सौदे 100-200 करोड़ रुपये के मूल्य वर्ग में थे।
क्यों लगी है मुंबई की रियल एस्टेट में आग?
ऐसी कई वजहें हैं, जिनकी वजह से मुंबई का लक्जरी रियल एस्टेट बाजार इतनी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इस उछाल का श्रेय मुंबई की रियल एस्टेट में भारी भरकम निवेश को दिया जा सकता है।
नाइट फ्रैंक ने कहा था, कि भारत के 32 प्रतिशत अति-अमीर व्यक्ति (जिनकी कुल संपत्ति 30 मिलियन डॉलर और उससे ज्यादा है) वो रिएल एस्टेस सेक्टर में प्रॉपर्टी खरीदने में भारी भरकम निवेश करते हैं, जिससे कीमत में इजाफा होता चला जाता है।
वहीं, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है, कि मंबई में लगातार इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का विस्तार हो रहा है और विकास की वजह से शहर के रियल एस्टेट बाजार में उछाल आ रहा है। उदाहरण के लिए, यह अनुमान लगाया गया है, कि मुंबई तटीय सड़क परियोजना, जिसका उद्देश्य दक्षिण में समुद्री लाइनों को उत्तर में कांदिवली से जोड़ना है, शहर के रियल एस्टेट परिदृश्य में क्रांति ला देगी, खासकर पश्चिमी उपनगरों में इस प्रोजेक्ट के बाद फ्लैटों की कीमतों में और भारी इजाफा हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications