अगले 6-8 हफ्तों में ओमिक्रॉन से संक्रमित हो जाएगी यूरोप की आधी से ज्यादा आबादी- WHO
ओमिक्रॉन वेरिएंट के संक्रमण की रफ्तार कितनी तेज है, इसका अंदाजा विश्व स्वास्थ्य संगठन के हालिया बयान से लग सकता है।
यूरोप, 11 जनवरी: कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन दुनियाभर में दहशत मचा रहा है। ओमिक्रॉन वेरिएंट के संक्रमण की रफ्तार कितनी तेज है, इसका अंदाजा विश्व स्वास्थ्य संगठन के हालिया बयान से लग सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बयान दिया है कि अगले 6 से 8 हफ्तों में ओमिक्रॉन वेरिएंट यूरोप की आधी से ज्यादा आबादी की संक्रमित कर देगा। वहीं, चीन में भी ओमिक्रॉन का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और मंगलवार को करीब 50 लाख की आबादी वाले आन्यांग शहर में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया। चीन के सरकारी मीडिया ने इस बात की जानकारी दी है।

वहीं, मंगलवार को ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री मार्सेलो क्विरोगा ने कहा कि उनके देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले सबसे ज्यादा मरीज ओमिक्रॉन वेरिएंट के ही हैं। मार्सेलो क्विरोगा ने कहा, 'आप चाहे जितने भी मेडिकल उपाय करने की कोशिश करें, आखिर में कोरोना वायरस आ ही जाता है। हमारा दुर्भाग्य है कि ब्राजील में ओमिक्रॉन पहले से ही सबसे ज्यादा प्रभावी वेरिएंट के रूप में मौजूद है और हम लगातार मरीजों की संख्या बढ़ते हुए देख रहे हैं। टीकाकरण की एक मजबूत रणनीति के बावजूद हम लोगों को हॉस्पिटल में बड़ी संख्या में भर्ती मरीजों और मौतों की संख्या देखनी पड़ रही है, जिसकी हमने कल्पना तक नहीं की थी।'
भारत में ओमिक्रॉन के मामले हुए 4461
आपको बता दें कि कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट भारत में काफी तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को भारत में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4461 तक पहुंच गई। वहीं, महज 24 घंटों के भीतर भारत में कोरोना वायरस के 1,68,063 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा एक दिन में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 69,959 और मौतों का आंकड़ा 277 रिकॉर्ड किया गया। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध बढ़ा दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications