'टॉयलेट जाने तक के लिए नहीं है पानी और बाहर हो रही है बमबारी', वीडियो में छात्र ने PM मोदी से मांगी हेल्प
कीव/यूक्रेन मार्च 04। यूक्रेन में फंसे तमाम भारतीय छात्र लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की अपील कर रहे हैं। छात्रों की यह अपील भारत सरकार और यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास से की जा रही है। हालांकि युद्ध क्षेत्र से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए भारत सरकार 'ऑपरेशन गंगा' का संचालन कर रही है, लेकिन इस बीच यूक्रेन के सूमी शहर से एक छात्र-छात्राओं के ग्रुप ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है।

100 छात्रों के ग्रुप ने पीएम मोदी से मांगी मदद
सूमी शहर में फंसे भारतीय छात्रों के एक ग्रुप ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। इस वीडियो में करीब 100 छात्र-छात्राएं नजर आ रहे हैं, जिन्होंने पीएम मोदी से मदद मांगी है। इन छात्रों की मदद ने सोशल मीडिया पर सभी लोगों को भावुक कर दिया है, क्योंकि वीडियो में ये छात्र जिस स्थिति को बयां कर रहे हैं, उसे सोचकर ही किसी भी इंसान की रूह कांप सकती है। वीडियो में एक छात्र बता रहा है कि उनके हॉस्टल में पीने के लिए पानी तो दूर वॉशरूम जाने के लिए भी पानी नहीं है और हॉस्टल के आसपास रह-रहकर बमबारी हो रही है। वीडियो के जरिए यह छात्र यूक्रेन से निकलने और किसी पश्चिमी देश की सीमा पर पहुंचाने की मदद मांग रहे हैं।

'कुछ विदेशी बाहर गए तो उन्हें गोली मारी दी'
वीडियो में यह भारतीय छात्र कह रहा है, "हमारे लिए ना तो दूतावास की ओर से और ना ही स्थानीय प्रशासन की ओर से कुछ किया गया है, हमने कुछ विदेशी छात्रों को सूमी से निकलते हुए देखा था तो उन्हें गोली मार दी गई, हम लोग यहां बहुत डरे हुए हैं, आप देख सकते हैं कि मेरे पीछे करीब 100 छात्र हैं जो बहुत चिंतित हैं।" वीडियो में यह छात्र आगे कहता है कि हम सरकार से उम्मीद लगाए हुए हैं कि हमें कोई मदद मिलेगी, हम अभी रूसी बॉर्डर से करीब 50 किलोमीटर पहले हैं, हम यहां से निकलने की भी सोचें तो बाहर स्नाइपर बैठे हैं जो बाहर निकलते ही गोली मार देंगे, इतना ही हर 20 मिनट में यहां बमबारी हो रही है।

शून्य से नीचे तापमान में छात्र ने बनाया वीडियो
वीडियो में छात्र ने आगे बताया है कि उन जैसे करीब 900 भारतीय यहां पर फंसे हुए हैं, हम इस वक्त हॉस्टल नंबर 3 में हैं, जहां करीब 200 छात्र हैं और इसमें अधिकतर लड़कियां हैं। आपको बता दें कि इस वीडियो को बनाने वाले छात्र ने कैमरे से खिड़की के बाहर का नजारा भी दिखाया है, बाहर बर्फबारी हो रखी है और माइनस में तापमान है। वीडियो बनाने वाले छात्र ने कहा है, "हम नरेंद्र मोदी जी से अनुरोध करते हैं कि कृपया हमें यहां से निकाल दें, नहीं तो हम मारे जाएंगे। अगर हम यहां से अपने आप चले गए तो हम मारे जाएंगे। हम भारत सरकार से अनुरोध करते हैं, कृपया हमारी मदद करें।"

सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में फंसे हैं छात्र
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले भी यह खबर आई थी कि सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में करीब 600 भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। इन छात्रों तक अभी तक ना ही दूतावास ने संपर्क किया है और ना ही स्थानीय प्रशासन की ओर से इन्हें कोई मदद मिली है। सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में फंसे छात्र भी सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगा रहे हैं। ऐसे में संभव है कि यह वीडियो जिस छात्र ने बनाया है वो भी सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी का ही है।












Click it and Unblock the Notifications