Mojtaba Khamenei: जिंदा है मोजतबा खामेनेई! मौत के दावों के बीच ईरान ने जारी किया सीक्रेट VIDEO
Mojtaba Khamenei Dead or Alive: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का आज 22वां दिन है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) को लेकर जारी सस्पेंस के बीच एक बड़ा मोड़ आया है। अमेरिकी दावों और उनके स्वास्थ्य को लेकर उड़ रही अफवाहों के बीच ईरानी सरकारी मीडिया (IRIB) ने मोजतबा का एक वीडियो जारी किया है।
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर पूरी दुनिया में अटकलें तेज हैं। US फोर्सेस की ओर से यह सनसनीखेज दावा किया गया कि मोजतबा खामेनेई की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को हुए एक हवाई हमले (Airstrike) में मोजतबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और कोमा में चले गए थे, जिसके बाद अब उनके निधन की खबर सामने आई।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मोजतबा की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा, 'हमें नहीं पता कि वह जीवित हैं या नहीं। कोई भी यह नहीं कह रहा कि वह 100% स्वस्थ हैं। किसी ने उन्हें देखा नहीं है, जो कि काफी असामान्य है।'
अमेरिकी दावे के तुरंत बाद ईरान ने जारी किया 'पहला वीडियो'
अमेरिका के मौत वाले दावे के तुरंत बाद पलटवार करते हुए ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB ने मोजतबा खामेनेई का पहला सार्वजनिक वीडियो (Public Appearance) जारी किया है। दावा किया गया है कि इस वीडियो में मोजतबा छात्रों के एक ग्रुप को धार्मिक शिक्षा (Religious Studies) दे रहे हैं।
हालांकि, इस वीडियो ने रहस्य को सुलझाने के बजाय और उलझा दिया है। IRIB ने यह तो कहा कि यह फुटेज पहली बार जारी की जा रही है, लेकिन यह कितनी पुरानी है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह एक 'आर्काइव वीडियो' (पुरानी फुटेज) हो सकती है, जिसे केवल अमेरिकी दावों को खारिज करने के लिए जारी किया गया है।
पिता की मौत के बाद संभाली थी कमान
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को एक अमेरिकी हमले में अपने पिता अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। 56 वर्षीय मोजतबा लंबे समय से पर्दे के पीछे से सत्ता चला रहे थे और उनके संबंध इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के साथ बेहद मजबूत माने जाते हैं। सत्ता संभालने के बाद अपने पहले बयान में उन्होंने राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया था और दुश्मनों पर दबाव बनाने के लिए स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को बंद रखने की चेतावनी दी थी।
क्या मोजतबा सच में 'घायल' हैं?
ईरानी सरकारी टेलीविजन ने पहले मुजतबा को संघर्ष का घायल बताया था, जिससे उन रिपोर्टों को बल मिला कि वह अपने पिता के साथ हुए हमले में जख्मी हुए थे। हालांकि, ईरान के मंत्री अब्बास अराघची ने इन दावों को नकारते हुए कहा था कि नए नेता के साथ 'कोई समस्या नहीं' है।
दूसरी ओर, अमेरिका ने मोजतबा खामेनेई और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी देने वाले को 10 मिलियन डॉलर के इनाम की घोषणा कर रखी है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें ईरान के नौरोज़ (Nowruz) संबोधन पर टिकी हैं, जहां उम्मीद की जा रही है कि मोजतबा खुद सामने आकर इन सभी अटकलों पर विराम लगाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications