अफगानिस्तान में तालिबान के आतंक के बीच इस मॉडल को क्यों मांगनी पड़ी अपनी बुर्के वाली तस्वीर पर माफी?
नई दिल्ली, 19 अगस्त: पूरे अफगानिस्तान में तालिबान ने कब्जा कर लिया है। साथ ही वहां पर अब वो अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। इसके अलावा तालिबान ने शरिया कानून की भी घोषणा की है, जिसके तहत महिलाओं पर तमाम पाबंदियां लगेंगी। इस बीच ब्रिटिश मॉडल लिली कोल ने अफगानी बुर्के में एक फोटो पोस्ट की। जिस पर विवाद हो गया है।

मॉडल ने लिखी ये बात
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जलवायु परिवर्तन पर एक किताब लिखने वाली 33 वर्षीय सुपर मॉडल ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर शाही नीले रंग के बुर्के में अपनी तस्वीर शेयर की, जबकि दूसरे में उनका चेहरा पूरा ढका था। फोटो के साथ उन्होंने लिखा कि हमें हर स्तर पर विविधता का स्वागत करना चाहिए, चाहे फिर वो पर्यावरण विविधता हो, सांस्कृतिक विविधता हो या सोचने की विविधता हो। वैसे तो इस फोटो के जरिए वो अपनी नई किताब व्हू केयर्स विन्स को प्रमोट करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन लोगों ने इसका गलत मतलब निकाल लिया।

मांगनी पड़ी माफी
लिली की पोस्ट पर देखते ही देखते कमेंट्स की बाढ़ आ गई। बहुत से लोग ऐसे थे, जिन्होंने उनको जमकर खरी-खोटी सुनाई। हालांकि विवाद बढ़ता देख उन्होंने लोगों से माफी मांग ली। साथ ही सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कई दिनों से न्यूज नहीं देखी थी। इसी वजह से उन्होंने ये फोटो अपलोड की।

'बुर्के का करें सम्मान'
लिली की पोस्ट पर आलोचकों ने कहा कि बुर्का एक धार्मिक पोशक है, जिसे मुस्लिम महिलाएं पहनती हैं। ये कोई फैशन वाली ड्रेस नहीं है, जिसे आप पब्लिसिटी के लिए इस्तेमाल करें। वहीं अफगानिस्तान में महिलाओं के लिए बुर्का पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में बहुत से लोगों का मानना है कि लिली उनका मजाक उड़ा रही हैं।

अफगान महिलाओं के लिए ये नए नियम
जब से तालिबान ने अफगानिस्तान में शरिया कानून की बात कही, तब से सबसे ज्यादा चिंता महिलाओं के हक को लेकर है। इस पर एक सवाल के जवाब में तालिबान प्रवक्ता ने कहा वो महिलाओं को सारे हक देंगे, लेकिन सरिया कानून के तहत। इसके अलावा कुछ जगहों पर उनकी आजादी की भी बात कही गयी है। हालांकि महिलाएं ऑफिस जाकर काम कर सकेंगी या नहीं, ये अभी तय नहीं हो सका है।












Click it and Unblock the Notifications