सूडान में मारे गए भारतीय शख्स के परिवार से मिले विदेश राज्य मंत्री, केरल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी
सूडान में मारे गए भारतीय शख्स के परिवार से विदेश राज्य मंत्री ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

सूडान में छिड़े गृह युद्ध के बीच भारत सरकार ने वहां फंसे भारतीय लोगों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन कावेरी' चलाया हुआ है। इस बीच सूडान में फायरिंग में मरने वाले भारतीय शख्स के परिवार से विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने मुलाकात की।
केरल निवासी अल्बर्ट ऑगस्टाइन का परिवार वायुसेना के विमान से जेद्दाह पहुंचा था, जहां उनसे केंद्रीय मंत्री ने मुलाकात की। अपने ट्वीट में विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि, "सूडान में मारे गए भारतीय अल्बर्ट ऑगस्टाइन के परिवार को जेद्दाह में रिसीव किया। परिवार को कोच्चि पहुंचने के लिए तत्काल टिकट की व्यवस्था की, साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया।"
इससे पहले रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सूडान के खार्तूम में निजी कंपनी दल ग्रुप अल्बर्ट ऑगस्टाइन के निधन पर दुख जताया था। अल्बर्ट सूडान के खार्तूम में एक निजी कंपनी दल समूह में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा था, जिनकी अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के बीच हुई गोलीबारी में मौत हो गई थी।
बता दें कि अल्बर्ट ऑगस्टाइन केरल के कन्नूर जिले के अलक्कोड का रहने वाले थे। घटना 16 अप्रैल की है, जब गोलीबारी में उनकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जब उनको गोली लगी तो वह एक टेलीफोन कॉल पर थे।
विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन के मुताबिक उनके परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी, साथ ही शव को भारत लाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। बता दें कि मृतक ऑगस्टाइन की पत्नी (साईबेला) और बेटी सुरक्षित हैं, जो उनके साथ रहती थीं।












Click it and Unblock the Notifications