ऑस्ट्रेलिया में युद्धभ्यास के दौरान हादसा, US मिलिट्री हेलीकॉप्टर क्रैश, 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत, 12 घायल
ऑस्ट्रेलिया में युद्धाभ्यास के दौरान लगभग 20 नौसैनिकों को ले जा रहा एक सैन्य हेलीकॉप्टर डार्विन के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। फिलहाल इन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। कथित तौर पर इस विमान में कम से कम 23 लोग सवार थे।
स्काई न्यूज ने पुष्टि की है कि स्थानीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे के आसपास, वी-22 ऑस्प्रे हेलीकॉप्टर 'प्रीडेटर्स रन' अभ्यास के दौरान मेलविले द्वीप के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें अमेरिका, इंडोनेशिया, फिलीपींस और तिमोर-लेस्ते के सैन्यकर्मी शामिल थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 4 सैन्यकर्मियों को बचा लिया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक यह संभव है कि दुर्घटना में कुछ सैनिक हताहत हो सकते हैं, क्योंकि अभी तक कुछ कर्मियों का पता नहीं चल पाया है।
इस बीच ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल ने पुष्टि की है कि जब हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ तो उसमें कोई ऑस्ट्रेलियाई नहीं था। एडीएफ ने एक बयान में कहा, "प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि इस घटना में अमेरिका के कई रक्षा कर्मी शामिल थे और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के सदस्य शामिल नहीं थे।"
रिपोर्ट के मुताबिक बचाव अभियान के लिए केयरफ़्लाइट जेट को लगाया गया है वहीं, डार्विन अस्पताल को दुर्घटना में शामिल सैनिकों के इलाज के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक दुखद घटना है। उन्होंने कहा, "रक्षा विभाग घटना की प्रतिक्रिया पर बहुत सतर्क है और यह सुनिश्चित कर रहा है कि इस समय हर समर्थन और सहायता दी जाए।"
उन्होंने आगे कहा, "यह एक कठिन घटना है, हम पूरी तरह से प्रतिक्रिया दे रहे हैं और हमारी प्राथमिकता हर संभव सहायता प्रदान करने पर है।"
कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दुर्घटना के बाद तत्काल युद्धाभ्यास को रोक दिया गया है। यह इस साल अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास था। इस युद्धाभ्यास में लगभग 2500 सैन्यकर्मी शामिल हैं। इसमें अमेरिका से 500, फिलीपींस से 120, इंडोनेशिया से 120 और तिमोर लेस्ते से 50 लोग शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications