कतर में भी 'धकाधक' चल रहा भारतीय रुपया, मीका सिंह ने वीडियो बना कर PM मोदी को कहा- आपको थैंक्यू
मीका सिंह ने कतर में दोहा एयरपोर्ट पर भारतीय करेंसी में खरीदारी की है। इसे लेकर उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो भी शेयर किया है। विदेशों में भारतीय रुपये की स्वीकार्यता का श्रेय उन्होंने पीएम मोदी को दिया।

बॉलीवुड के चर्चित गायक मीका सिंह ने भारतीय रुपये के बढ़ते वर्चस्व को लेकर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में वे बता रहे हैं कि कैसे भारतीय रुपया दिन प्रतिदिन ग्लोबल होता जा रहा है। इसमें वे पीएम मोदी की भी प्रशंसा करते हुए दिख रहे हैं।
बुधवार को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में मीका कहते हैं, "गुड मॉर्निंग। मैं कतर की राजधानी दोहा में हूं। मुझे दोहा एयरपोर्ट पर लुइसविटन स्टोर में खरीदारी करते समय भारतीय रुपए का इस्तेमाल करने पर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।"
मीका आगे कहते हैं, "आपको यहां जो भी शॉपिंग करनी हैं आप इंडियन करेंसी दे सकते हैं। आप किसी भी रेस्टॉरेंट में रुपए का इस्तेमाल कर सकते हैं... है न कमाल की बात? नरेंद्र मोदी जी इसके लिए आपका बहुत-बहुत शुक्रिया। अब हिंदुस्तानी पैसा भी डॉलर की तरह पूरे वर्ल्ड में चलेगा। कतर में तो चल रहा है।"
सोशल मीडिया पर मीका सिंह का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसको लेकर एक यूजर ने लिखा, "मीका सिंह दोहा हवाई अड्डे पर लुइसविटन स्टोर में भारतीय रुपए में खरीदारी करते हुए। जल्द ही, उदारवादी उन पर हमला करेंगे, क्योंकि वह इसके लिए भारत की सराहना कर रहे हैं।"
नीरज कुमार नाम के एक अन्य यूजर ने ट्विटर पर लिखा है, यही तो नये भारत की ताकत है जिसे हर भारतीय को समझना चाहिए। आज भारतीय रुपये में विभिन्न देश कारोबार कर रहे हैं। जल्द ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर जैसा रुतबा हासिल करेगा भारतीय रुपया।
आंध्र प्रदेश में बीजेपी के महासचिव विष्णु वर्धन रेड्डी ने भी ये वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "मशहूर सिंगर मीका सिंह बता रहे हैं कि कैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश बदल रहा है। केंद्र सरकार के प्रयासों से भारतीय करेंसी वैश्विक हो रही है और कई देशों में इसे स्वीकार किया जा रहा है।"
आपको बता दें कि भारतीय मुद्रा तेजी से इंटरनेशनल करेंसी बनने की राह पर है। भारत ने कुछ ही महीनों में 18 देशों के साथ रुपये में व्यापार करने का करार कर लिया है। रूस, इजराइल, जर्मनी मॉरीशस, श्रीलंका, मलेशिया, म्यांमार और सिंगापुर जैसे देश भारत के साथ रुपये में व्यापार करने के लिए तैयार हो चुके हैं। इतना ही नहीं लगभग 100 देश भारत के साथ रुपये में ट्रेड सेटलमेंट के लिए बातचीत कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications