प्लास्टिक बोतल बांधकर समुद्र तैरते हुए दूसरे देश पहुंच गया लड़का, शरणार्थियों का भावुक करने वाला वीडियो
करीब 14 साल का लड़का जब समुद्र में तैरते हुए स्पेन के समुन्द्री इलाके सेउटा में पहुंचा, तो वो बुरी तरह से रो रहा था। सेउटा तट पर कई सैनिक उस लड़के को रोकने की कोशिश कर रहे थे।
सेउटा/स्पेन, मई 22: एक लड़का प्लास्टिक की बोतलों के सहारे समुद्र में तैरता रहा और अपने लिए सुरक्षित ठिकाना तलाशता रहा। करीब 14 साल के लड़के के बोतल बांधकर समुद्र में तैरने के वीडियो ने ना सिर्फ पूरी दुनिया को भावुक कर दिया है बल्कि शरणार्थियों की क्या स्थिति है, उनकी दुर्दशा की स्थिति क्या है, उसकी कहानी को एक बार फिर से दुनिया के सामने ला दिया है। करीब 14 साल का ये लड़का बोतल बांधकर समुद्र तैरते हुए जब स्पेन के सेउटा समुन्द्र तट पर पहुंचा. उस वक्त इस वीडियो को शूट किया गया है, जिसमें लड़का बोलता दिख रहा है कि भले ही उसे गोली मार दी जाए, लेकिन वो वापस नहीं लौटेगा।
Recommended Video

बुरी तरह रो रहा था लड़का
करीब 14 साल का लड़का जब समुद्र में तैरते हुए स्पेन के समुद्री इलाके सेउटा में पहुंचा, तो वो बुरी तरह से रो रहा था। सेउटा तट पर कई सैनिक उस लड़के को रोकने की कोशिश कर रहे थे लेकिन समुद्र से निकलते ही लड़का तेजी से भागता हुआ दीवार पर चढ़ गया। सेउटा में शरणार्थियों की ये स्थिति कोई पहली बार दुनिया ने नहीं देखी है बल्कि इससे पहले भी कई बार शरणार्थी अलग अलग तरीके से समुद्र तैरकर या पर्वतों को पारकर स्पेन और अलग अलग यूरोपीय देशों में शरण लेते दिखाई देते रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ इस हफ्ते 1500 से ज्यादा शरणार्थी सेउटा तट पर मोरक्को से शरण लेने पहुंचे हैं, जिनमें ज्यादातर छोटे बच्चे हैं। सेउटा से आई इस हृदयविदारक वीडियो में सेउटा के समुद्र तट पर करीब 14 साल के लड़के को तैरते हुए देखा जा सकता है, जिसके शरीर पर एक दर्जन खाली प्लास्टिक की बोतलें बंधी हुई हैं ताकि उसे तैरने में मदद मिल सके।

लड़के को रोकने की कोशिश
जब लड़का समुद्र में तैरते हुए सेउटा तट पर पहुंचने की कोशिश कर रहा था, उस वक्त कुछ सैनिक उसे रोकने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। इस वीडियो में दिखाई देता है कि समंदर किनारे पहुंचकर बच्चा अपने शरीर में बंधे प्लास्टिक के बोतलों को जल्दी जल्दी हटाता है और समुद्र तट पर तेजी से दौड़ने लगता है और फिर लड़का दीवाल पर चढ़ने की कोशिश करने लगता है। हालांकि, सैनिकों ने लड़के को पकड़ लिया है और उसके बाद उस लड़के के साथ क्या हुआ है, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है। स्पेनिश कानूनों के मुताबिक अवैध तरीके से किसी नाबालिग का स्पेन में घुसना कानूनन जुर्म है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक लड़का दर्द से बुरी तरह से कराहता दिखाई देता है और कहता है कि मोरक्को वापस जाने के बजाए वो मरना पसंद करेगा। आपको बता दें कि अब तक मोरक्को से करीब 8 बजार शरणार्थी स्पेन के सेउटा शहर पहुंचे हैं।
लड़के का भावुक वीडियो
स्पेनिश सैनिक रशीद मोहम्मद अल सेसाउई ने लड़के को पकड़ने के बाद कहा कि 'लड़का वापस मोरक्को नहीं जाना चाहता है क्योंकि अब मोरक्को में उसका कोई नहीं है। उसे कोई परवाह नहीं है अगर वो ठंड से मर भी जाता है तो। लड़का वापस लौटने के बजाए मरना पसंद कर रहा है'। स्पेनिश जवान आगे कहता है कि 'लड़के की स्थिति काफी खराब है और वो मानसिक तौर पर टूट चुका है। एक नौजवान के मुंह से ऐसा कहते हुए मैंने कभी नहीं सुना है'। पिछले कुछ दिनों से स्पेन में शरणार्थियों की तादाद में काफी ज्यादा इजाफा देखने को मिल रहा है, इसके पीछे स्पेन का वो फैसला है, जिसके तहत उसने शरणार्थियों को लेकर थोड़ी छूट दी है।

शरणार्थियों की समस्या
विश्व के अलग अलग हिस्सों में शरणार्थियों की काफी बड़ी समस्या बनती जा रही है। नॉर्थ अफ्रीका के अलग अलग हिस्सों से स्पेनिश शहरों में खूब पलायन हो रहा है। सोमवार को स्पेन ने शरणार्थियों को लेकर थोड़ी ढील दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेन...मोरक्को के रहने वालों को अपने देश में शरणार्थियों का दर्जा नहीं देता है। वहीं, जिन नाबालिगों के अभिभावक नहीं हैं, उन्हें सरकारी देखरेख में रखा जाता है। गुरुवार को, स्पेन के रक्षा मंत्री ने मोरक्को पर "ब्लैकमेल" करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मोरक्को अपने लोगों का ख्याल नहीं रख रहा है और शरणार्थियों को स्पेन जाने के लिए उकसा रहा है। वहीं, स्पेन पहुंचने वाले ज्यादातर शरणार्थी पूरी तरह से अनाथ हैं, जिनमें ज्यादातर की उम्र 7 साल से 10 साल के बीच है। वहीं, स्पेन ने शरणार्थियों को देश में दाखिल होने से रोकने के लिए सरहदी इलाकों में सैनिकों की तैनाती कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications