US Election 2024: डोनाल्ड ट्रंप के साथ आए मिशिगन के हिंदू-मुसलमान, स्विंग स्टेट में पिछड़ रहीं कमला हैरिस!
US Election 2024: अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले स्विंग स्टेट मिशिगन में एक आश्चर्यजनक बदलाव देखा जा रहा है और सर्वे से पता चल रहा है, कि गाजा युद्ध ने बाइडेन प्रशासन के खिलाफ जो गुस्सा भरा है, मुस्लिम मतदाता उसकी भड़ास कमला हैरिस के खिलाफ वोट कर निकालने वाले हैं।
रिपोर्ट्स से पता चलता है, कि बाइडेन प्रशासन से गुस्साए अरब-अमेरिकी मुस्लिम वोटर्स के बीच का एक बड़ा वोट बैंक, डोनाल्ड ट्रंप की तरफ शिफ्ट हुआ है और कई बड़े अरब मुस्लिम नेता, डोनाल्ड ट्रंप के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं, जो कमला हैरिस के लिए बहुत बड़ा झटका है। खासकर मिशिगन, जो एक स्विंग स्टेट है और जहां काफी कड़ा मुकाबला है, वहां के मुसलमान अगर ट्रंप की तरफ जाते हैं, तो कमला हैरिस का व्हाइट हाउस पहुंचने का सपना भी टूट सकता है।

ट्रंप के साथ मिशिगन के हिंदू-मुसलमान
पारंपरिक रूप से डेमोक्रेटिक-झुकाव वाले मुस्लिम समुदाय का, इजराइली सैन्य कार्रवाइयों को बाइडेन प्रशासन से मिल रहे अटूट समर्थन से मोहभंग हो गया है, और कुछ कार्यकर्ताओं का मानना है, कि डोनाल्ड ट्रंप के लिए वोटिंग एक शक्तिशाली संदेश भेज सकता है।
अल जजीरा ने यमनी अमेरिकी कार्यकर्ता समरा लुकमान के हवाले से कहा, "अपनी शक्ति का श्रेय लें", जिन्होंने तर्क दिया है, कि कमला हैरिस ने अरब मुस्लिम मतदाताओं को बहुत हल्के में लिया है।
वहीं, मिशिगन का हिंदू समुदाय भी पारंपरिक तौर पर डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन करता रहा है और पिछले चुनाव में भी जो बाइडेन के पक्ष में मतदान किया था, लेकिन इस बार हिंदू समुदाय के बीच भी टूट दिख रही है और वोटों का एक बड़ा हिस्सा, डोनाल्ड ट्रंप की तरफ जा सकता है, जो ट्रंप के लिए मिशिगन की जीत का दरवाजा खोल सकता है।
मिशिगन के रहने वाले प्रमुख भारतीय मूल के उद्योगपति अशोक बद्दी, जो लगातार डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट करते रहे हैं, उन्होंने कहा, कि इस बार स्थिति अलग है। और भले ही कमला हैरिस की जड़ें भारत से जुड़ी हों, लेकिन इस बार इस बात का असर पड़ने की संभावना नहीं है और लोग, ट्रंप को वोट करने वाले हैं।
अशोक बद्दी के मुताबिक, कमला हैरिस ने कभी भारतीय समुदाय से जुड़ने की कोशिश भी नहीं की है।
दूसरी तरफ, डोनाल्ड ट्रंप अपने चुनाव प्रचार में बार बार भारत और हिंदू समुदाय का जिक्र कर रहे हैं।
मिशिगन के डेट्रॉयट के उपनगर डियरबॉर्न में, जहां अरब अमेरिकी आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निवास करता है, उससे डोनाल्ड ट्रंप ने मुलाकात की है, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जो उनके मुस्लिम विरोधी बयानबाजी और नीतियों के इतिहास के बिल्कुल विपरीत है, जिसमें उनके पहले कार्यकाल के दौरान लागू किया गया मुस्लिम यात्रा प्रतिबंध भी शामिल है।
मुस्लिमों के लिए गाजा बड़ा चुनावी मुद्दा
मुस्लिम समुदाय के लिए, प्राथमिक मुद्दा गाजा और लेबनान में युद्ध के लिए बाइडेन प्रशासन की प्रतिक्रिया है। ट्रंप के राष्ट्रपति पद के दौरान इजराइल के साथ घनिष्ठ संबंधों के बावजूद, कुछ समुदाय के सदस्य उनके अभियान को बदलाव के अवसर के रूप में देखते हैं।
लुकमान ने कहा, "भले ही वह 99 प्रतिशत संभावना के साथ इस नरसंहार को जारी रखे, मैं उस 1 प्रतिशत संभावना की तरफ जा रही हूं, डो इस युद्ध को रोकने जा रहा है", जबकि कमला हैरिस को लेकर "100 प्रतिशत संभावना" है, कि गाजा में युद्ध जारी रहने की संभावना है।
हालांकि, डियरबॉर्न के मेयर अब्दुल्ला हम्मूद जैसे डेमोक्रेटिक नेताओं ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गठबंधन करने के खिलाफ चेतावनी दी है और उनके रिकॉर्ड की तरफ इशारा किया है, जिसमें अमेरिकी दूतावास को यरुशलम ले जाना और गोलान हाइट्स पर इजराइल के कब्जे का समर्थन करना शामिल है।
हम्मूद ने कहा, "इस समुदाय के लोग जानते हैं कि ट्रंप किस बात के लिए खड़े हैं।" लेकिन लुकमान जैसे कार्यकर्ता ट्रंप के लिए अपने वोट को एक बयान के रूप में देखते हैं।
उन्होंने कहा, कि "अगर हम दिखाते हैं कि हमारा प्रभाव है, तो दोनों पार्टियां हमें खुश करने की कोशिश करेंगी।" उन्होंने कहा, "यह बढ़ती भावना को दर्शाता है कि अरब अमेरिकी मतदाता ऐसी पार्टी के प्रति वफादार नहीं रहेंगे जो उनकी चिंताओं की अनदेखी करती है।"
आपको बता दें, कि मिशिगन आगामी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाने वाला है और डियरबॉर्न जैसी जगहों पर अरब अमेरिकियों के वोट का थोड़ा सा भी हिस्सा अगर ट्रंप की तरफ आता है, तो ट्रंप को जबरदस्त चुनावी फायदा मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications