Miami beach: मशहूर अमेरिकी Sea beach पर भीड़ के बीच समुद्र में कैसे गिरा हेलीकॉप्टर, देखिए Video
मियामी बीच, 20 फरवरी: दुनियाभर के सैलानियों के लिए अमेरिका की मियामी बीच बहुत ही लोकप्रिय है। यह समुद्र तट हर वक्त सैलानियों से भरा रहता है। शनिवार को भी छुट्टी की वजह से दिन में काफी तादाद में लोग वहां मौजूदा थे और सुंदर और साफ नीले समुद्र में तैराकी का लुत्फ उठा रहे थे। अचानक बिल्कुल लोगों के बीच में ही आसमान से एक हेलीकॉप्टर क्रैश होकर गिर पड़ा। यह संयोग ही थी कि वह हेलीकॉप्टर तट पर मौजूद किसी भी व्यक्ति पर नहीं गिरा और वह पानी में जहां पर क्रैश हुआ, उस समय वहां कोई नहीं था। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दो लोग जख्मी हुए हैं। इस हादसे का पूरा वीडियो रिकॉर्ड हुआ है, जिसे मियामी बीच पुलिस डिपार्टमेंट ने ही अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है।

अमेरिका के मियामी बीच पर हेलीकॉप्टर क्रैश
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य की मशहूर मियामी बीच पर शनिवार को सैकड़ों तैराकों के बीच अचानक एक हेलिकॉप्टर समुद्र में क्रैश कर गया। आसमान से हेलिकॉप्टर अचानक नीचे आना शुरू हो गया और देखते ही देखते शीशे की तरह साफ नीले समुद्र में यह चौपर पानी में समा गया। घटना दोपहर बाद हुई, इसलिए वहां तैराकों और उनके परिवार वालों की भारी भीड़ इकट्ठी थी, जो धूप में इस मशहूर बीच का आनंद लेने के लिए जुटे हुए थे।

मियामी बीच पुलिस ने शेयर किया हादसे का वीडियो
हेलीकॉप्टर हादसे का यह वीडियो खुद मियामी बीच पुलिस ने ट्विटर पर शेयर किया है। घटना मियामी के चर्चित साउथ बीच इलाके की है। वीडियो में दिख रहा है कि हेलीकॉप्टर क्रैश होने से समुद्र का पानी किस तरह ऊपर उठा है। लेकिन, संयोग ये रहा कि उस समय कोई तैराक उस स्थान पर मौजूद नहीं था, नहीं तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी।

हेलीकॉप्टर हादसे की जांच शुरू
हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर पर तीन लोग सवार थे, जिनमें से मियामी पुलिस के मुताबिक दो लोगों को अस्पताल ले जाना पड़ा, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद पुलिस ने उस जगह को बंद कर दिया और इसकी जांच शुरू कर दी है। दूसरी तरफ फेडरल एविएशन अथॉरिटी भी इस हादसे की अपने स्तर से जांच करने की तैयारी कर रहा है।

दुर्घटना के कारणों की जानकारी अभी तक नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे का कारण क्या है और हेलीकॉप्टर कमर्शियल था या कोई निजी उड़ान पर था। जानकारी के मुताबिक जेट स्की पर मौजूद लोग फौरन दुर्घटना स्थल की ओर भागे और जख्मी यात्रियों की सहायता की। थोड़ी देर में वहां बोट भी पहुंच गए।

हेलीकॉप्टर पर तीन लोग सवार थे
मियामी बीच पुलिस डिपार्टमेंट ने ट्विटर पर हादसे के बारे में बताया है कि घटना दोपहर बाद 1 बजकर 10 मिनट की है। उन्हें 10 स्ट्रीट के पास हेलकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली थी। पुलिस, फायर और कई सहयोगी एजेंसियों ने तुरंत रेस्पॉन्स किया। दो यात्रियों को स्थिर हालत में जैक्शन मेमोरियल भेजा गया है। हेलीकॉप्टर में तीन पैसेंजर सवार थे। (पहली तीनों तस्वीर सौजन्य-मियामी पुलिस वीडियो, बाकी दूसरे ट्विटर वीडियो से)
'पानी में क्रैश करवाना स्मार्ट था'
हादसे के वक्त जो लोग वहां मौजूद थे, उन्होंने ट्विटर के जरिए वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया है कि वहां क्या स्थिति थी। एक ने लिखा है, 'यह लोगों के बहुत ही करीब हुआ, लेकिन उस वक्त पायलट सिर्फ यही सोच रहा होगा कि जान बचाने के लिए मैं क्या कर सकता हूं।' एक ने लिखा है, 'पानी में क्रैश करवाना स्मार्ट और जान बचाने वाला था, कोई मौत नहीं हुई, यह अच्छी खबर है।' एक ने लिखा है कि 'इसे लाइव देखा, यह असली था।'












Click it and Unblock the Notifications